प्रयागदास महाराज मेले में पद दंगल पर झूमे श्रद्धालु, भर्तृहरि नाटक व भवाई-चरकुला नृत्य ने बांधा समां, 51 यूनिट रक्तदान।
By Shubh Bhaskar ·
29 Jun 2026 ·
30 views
प्रयागदास महाराज मेले में पद दंगल पर झूमे श्रद्धालु, भर्तृहरि नाटक व भवाई-चरकुला नृत्य ने बांधा समां, 51 यूनिट रक्तदान।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- रैणी- रैणी पंचायत समिति क्षेत्र के खोहरा-मलावली गांव स्थित पर्वत वाले प्रयागदास महाराज का दो दिवसीय मेला सोमवार को श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। मेले में लाखों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर कनक दंडोती लगाई, मन्नतें मांगी तथा प्रयागदास पर्वत की करीब सात कोस परिक्रमा की। मेले में झूले, फिसलन और सर्कस आकर्षण का केंद्र रहे।
मीडिया प्रभारी डॉ. लवली भारद्वाज ने बताया कि अखंड ज्योति के साथ शुरू हुए मेले में श्री प्रयागदास श्रम सेवामंडल के सदस्यों ने दिन-रात श्रमसेवा कर श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराए। मेला स्थल पर तूफानी दंगल पार्टी जगन डेंडान, झंडू एंड पार्टी तथा धवल्याराम पार्टी ने भक्ति और लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रात्रि में पारसी शैली में ऐतिहासिक भर्तृहरि नाटक का जीवंत मंचन किया गया। मेला कमेटी अध्यक्ष फूलचंद यादव ने बताया कि पूरी रात देवी-देवताओं को समर्पित भजनों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा। हास्य कलाकार दिनेश छैला एवं राधिका शर्मा ने अपनी चुटीली प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
राजस्थानी संस्कृति की मनमोहक झलक
दो दिवसीय मेले में राजस्थानी लोक संस्कृति की अनुपम छटा देखने को मिली। नृत्यांगना प्रिया सपेरा एवं दिव्या ने भवाई और चरकुला नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। दीपों से सजे चरकुला के साथ प्रस्तुत नृत्य ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
*रक्तदान शिविर में उमड़ा सेवा का जज्बा*
सोमवार दोपहर श्री प्रयागदास श्रम सेवामंडल के तत्वावधान में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर प्रभारी समर्थ लाल मीणा ने बताया कि युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया, जिसमें 51 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ।
इस दौरान रामनिवास मीणा, हैमू सैनी, हेमंत सैनी एवं रवि सैनी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त तीन जिंदगियां बचा सकता है और मेले जैसे आयोजन सेवा कार्यों के लिए सबसे बड़ा मंच होते हैं। पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मेला कमेटी अध्यक्ष फूलचंद यादव, मंच संचालक रघुवीर सिंह नरूका, जगन मीणा, प्रसादी, अशोक सिंह, संजय राजपूत, पवन जांगिड़, आशीष शर्मा तथा सतीश सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।