आशा सहयोगिनी एकता मंच का आंदोलन 22वें दिन भी जारी, कार्यवाही नहीं होने पर बढ़ा आक्रोश।
By Shubh Bhaskar ·
29 Jun 2026 ·
21 views
आशा सहयोगिनी एकता मंच का आंदोलन 22वें दिन भी जारी, कार्यवाही नहीं होने पर बढ़ा आक्रोश।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- आशा सहयोगिनी एकता मंच के बैनर तले अलवर शहर के कंपनी बाग में आशा सहयोगिनियों का धरना-प्रदर्शन सोमवार को लगातार 22वें दिन भी जारी रहा। विभिन्न लंबित मांगों को लेकर जिलेभर से पहुंची आशा सहयोगिनियां सरकार से शीघ्र समाधान की मांग कर रही हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
धरना दे रही आशा सहयोगिनियों ने बताया कि वे अपनी मांगों को लेकर जिला प्रशासन के अलावा कई जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों को ज्ञापन सौंप चुकी हैं। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा तथा अलवर सांसद एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के नाम भी ज्ञापन दिए गए हैं। इसके बावजूद अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्यवाही या स्पष्ट जवाब नहीं मिलने से आंदोलनकारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
आशा सहयोगिनियों का कहना है कि वे स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और गांव-गांव जाकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, जनजागरूकता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने का कार्य करती हैं। इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित मानदेय, सामाजिक सुरक्षा और सम्मान नहीं मिल पा रहा है।
लगातार 22 दिनों से जारी धरने के कारण भीषण गर्मी में कई आशा सहयोगिनियों की तबीयत भी बिगड़ गई है। आंदोलनकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बावजूद वे अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने वाली नहीं हैं और अंतिम निर्णय तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना स्थल पर आशा सहयोगिनियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।
आंदोलनकारी महिलाओं ने सरकार से वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने, लंबित मांगों पर तत्काल निर्णय लेने और आशा सहयोगिनियों को राहत प्रदान करने की मांग की। उनका कहना है कि मांगें पूरी होने तक कंपनी बाग में उनका धरना लगातार जारी रहेगा।
धरने में उपस्थित प्रमुख आशा सहयोगिनियां:
राजवती, अनीता, पुष्प मीणा, दीपा जाट, शीला देवी, रेखा, ममता रानी, नीलम सैनी, परमलता, राजू मीणा, रीमा, संतोष, शीला सैनी, सुनीता, श्यामवती, प्रभा, संजोग देवी, सीता, नन्की, मुनेशा, गीता, कमलेश, बीना, सुमन, देवी, बंकी, बबीता, ममता, बीजा, कविता, सुन्दरी, बदली, उषा, सीमा, फूला, किरण, पिंकी, सविता देवी और नीतू सहित बड़ी संख्या में आशा सहयोगिनियां मौजूद रहीं।