ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान जगन्नाथ का 108 जल कलशों और पंचामृत से हुआ महाअभिषेक। 15 दिन गर्भगृह में रहेंगे प्रभु, 16 जुलाई को निकलेगी भव्य रथयात्रा।

By Shubh Bhaskar · 29 Jun 2026 · 29 views
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान जगन्नाथ का 108 जल कलशों और पंचामृत से हुआ महाअभिषेक।

15 दिन गर्भगृह में रहेंगे प्रभु, 16 जुलाई को निकलेगी भव्य रथयात्रा।

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):-राजगढ़- राजगढ़ चौपड़ बाजार स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में सोमवार को देव स्नान पूर्णिमा के पावन अवसर पर भगवान जगन्नाथ का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 108 जल कलशों एवं पंचामृत से भव्य महाअभिषेक किया गया। मंदिर के महंत पूरण दास, पंडित मदन मोहन शास्त्री तथा पंडित रोहित शर्मा के सानिध्य में संपन्न इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार देव स्नान पूर्णिमा पर भगवान जगन्नाथ के महाअभिषेक के बाद उन्हें ज्वर होने की परंपरा मानी जाती है। इसी कारण अभिषेक के उपरांत भगवान को 15 दिनों के लिए गर्भगृह में विश्राम हेतु विराजमान किया गया है। इस अवधि में आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन बंद रहेंगे तथा भगवान की औषधियुक्त काढ़े एवं विशेष जड़ी-बूटियों से सेवा-उपचार किया जाएगा।
मंदिर के महंत पूरण दास ने बताया कि आषाढ़ शुक्ल प्रतिपदा 15 जुलाई को भगवान पूर्णतः स्वस्थ होकर गर्भगृह से बाहर आएंगे। इस अवसर पर प्रातःकाल नेत्र उत्सव का आयोजन होगा। वहीं सायंकाल माता जानकी की सवारी चौपड़ बाजार स्थित जगदीश मंदिर से गंगाबाग स्थित जगदीश मंदिर पहुंचेगी, जहां मंदिर मार्जन एवं गणेश पूजन के कार्यक्रम संपन्न होंगे।
इसके अगले दिन 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक एवं भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इस अवसर पर महंत पूरण दास,एडवोकेट मदन मोहन शास्त्री,पंडित रोहित शर्मा,मेला कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र तिवारी,हरिओम गुप्ता, गायत्री देवी,मीनू खूटेंटा,मीना खण्डेलवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube