प्रभारी मंत्री का एक दिवसीय दौरा
By Shubh Bhaskar ·
29 Jun 2026 ·
34 views
प्रभारी मंत्री का एक दिवसीय दौरा
सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर, 29 जून। जनपद भ्रमण पर पहुंचे प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने सोमवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय, ग्राम पंचायत कलवारी, आंगनबाड़ी केंद्र, कंपोजिट विद्यालय तथा कलेक्ट्रेट सभागार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने संयुक्त जिला चिकित्सालय बलरामपुर का औचक निरीक्षण करते हुए दवा पर्चा काउंटर, वार्ड, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन, एनएससीयू, डायलिसिस यूनिट तथा दवा वितरण काउंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों और उनके तीमारदारों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा स्पष्ट किया कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके बाद विकास खंड बलरामपुर की ग्राम पंचायत कलवारी में ग्राम पंचायत सचिवालय, आंगनबाड़ी केंद्र एवं कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा पोषण पोटली वितरित कर कुपोषण मुक्त समाज का संदेश दिया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कंपोजिट विद्यालय में प्रभारी मंत्री ने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम आधारित प्रश्न पूछकर शैक्षिक गुणवत्ता का आकलन किया। साथ ही नए नामांकन की समीक्षा करते हुए अधिकाधिक बच्चों का प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जल जीवन मिशन की परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने, पेंशन योजनाओं एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश देते हुए लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।
इसी अवसर पर ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति द्वारा 'कवच परियोजना' के अंतर्गत रोजा संस्थान के सहयोग से 50 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई, जिससे बालिकाओं की शिक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।
इस दौरान विधायक पल्टूराम, कैलाश नाथ शुक्ला, राम प्रताप वर्मा, जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह 'धीरू' सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।