नगरपालिका का 155वां स्थापना दिवस आज
By Shubh Bhaskar ·
29 Jun 2026 ·
30 views
नगरपालिका का 155वां स्थापना दिवस आज
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संगीत संध्या और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होंगे आकर्षण का केंद्र
सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर, 29 जून। आदर्श नगर पालिका परिषद, बलरामपुर का 155वां स्थापना दिवस समारोह 30 जून (मंगलवार) को एम.एल.के. डिग्री कॉलेज ऑडिटोरियम में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू' के प्रयासों से आयोजित इस समारोह में सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत संध्या और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन सहित अनेक आकर्षक आयोजन होंगे।
अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी. सिंह बैस ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे होगा। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक उद्घाटन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे से 6 बजे तक नगर पालिका के सभासदों एवं कर्मचारियों का सम्मान समारोह होगा।
उन्होंने बताया कि शाम 6 बजे से 8 बजे तक दिल्ली के प्रसिद्ध कलाकारों एवं स्थानीय प्रतिभाओं की प्रस्तुतियों से सजी संगीत संध्या आयोजित की जाएगी। इसके बाद रात्रि 8 बजे से देर रात तक देश के प्रतिष्ठित कवियों, शायरों और साहित्यकारों की मौजूदगी में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं साहित्य-संगीत सम्मान समारोह होगा।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन का उद्देश्य नगर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ना तथा साहित्य, संगीत और कला को बढ़ावा देना है।
कवि सम्मेलन में डॉ. कलीम कैसर, कुंवर जावेद, मणिका दुबे, डॉ. दिनेश रघुवंशी, अभय निर्भीक, विकास बौखल, रूकसार बलरामपुरी और अकमल बलरामपुरी अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे। वहीं स्थानीय साहित्यकारों एवं कलाकारों में डॉ. ओमप्रकाश मिश्र 'ओज', कन्हैया लाल 'मधुर', विनोद सिंह कलहंस, मनोज मिश्रा 'कप्तान', आदर्श त्रिपाठी, गायक एस.डी. सिंह, मान्डवी तिवारी, वैष्णवी सिकरवार, अंशिका उपाध्याय, संजय गिरी, सूरज श्रीवास्तव और सूर्य प्रकाश शुक्ला अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
नगर पालिका परिषद ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में शामिल होकर नगर के 155वें स्थापना दिवस को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।