ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

माचाड़ी में श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ में व्यास विदाई एवं सुखदेव पूजन, भक्ति रस में सराबोर हुए श्रद्धालु।

By Shubh Bhaskar · 28 Jun 2026 · 94 views
माचाड़ी में श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ में व्यास विदाई एवं सुखदेव पूजन, भक्ति रस में सराबोर हुए श्रद्धालु।

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):-माचाडी- प्राचीन काल में अलवर जिले की राजधानी रहे माचाड़ी कस्बे स्थित नंगेश्वर धाम आश्रम में श्रीमहंत माधव दास महाराज के सानिध्य में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के सप्तम एवं अंतिम दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अनुपम संगम देखने को मिला। व्यास विदाई एवं सुखदेव पूजन के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया। पूरा आश्रम परिसर "राधे-राधे" और "जय श्रीकृष्ण" के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
राष्ट्रीय कथा प्रवक्ता पंडित सचिदानंद जी महाराज (वृंदावन धाम) ने अपने ओजस्वी एवं मधुर प्रवचनों में श्रीमद्भागवत महापुराण के अनेक प्रेरक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने परीक्षित के रूप में विराजमान श्रीमती बबीता सैनी एवं रामस्वरूप सैनी सहित उपस्थित श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण पर लगे चोरी के आरोप, शंखचूड़ासुर, वाणासुर एवं भौमासुर वध, राजा नृग की कथा, सत्संग और गुरु महिमा तथा भगवान दत्तात्रेय के 24 गुरुओं से प्राप्त शिक्षाओं का विस्तृत वर्णन किया। कथा के माध्यम से धर्म, भक्ति, सदाचार एवं गुरु के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए मानव जीवन को सफल बनाने की प्रेरणा दी।
कथा समापन के अवसर पर विधिवत व्यास पूजन, सुखदेव पूजन एवं महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भाग लिया। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि सोमवार, 29 जून को प्रातः 8:15 बजे हवन-यज्ञ के साथ सप्ताह ज्ञान यज्ञ का विधिवत समापन होगा। इसके उपरांत विशाल भंडारे एवं पद दंगल का आयोजन किया जाएगा।
भागवत कथा के दौरान केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, जिला महामंत्री पंडित ऋषिराज शर्मा, बन्नाराम मीणा, बलवीर छिल्लर, मंडल अध्यक्ष पूर्ण सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष बनवारी लाल मीणा सहित अनेक भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कथा स्थल पहुंचकर श्रीमहंत माधव दास महाराज एवं भागवताचार्य पंडित सचिदानंद महाराज का स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके अतिरिक्त भौंरगी गौशाला के गौसेवकों, पंडित अजय शर्मा तथा हरियाणा के फरीदाबाद एवं बल्लभगढ़ से आए श्रद्धालुओं ने भी कथा में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर संत रामदास महाराज, धर्मदास महाराज, रघुनाथ दास महाराज, श्यामदास महाराज, भगवान दास महाराज, ओम दास महाराज, दिनेश वशिष्ठ, पंडित अजय शर्मा, पंडित मधुसूदन शर्मा (बिहार), लेखराज जांगिड़, श्रमजीवी पत्रकार संघ के तहसील उपाध्यक्ष एवं विभिन्न संगठनों के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नागपाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं बच्चों ने कथा का पुण्य लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन भावना सीनियर सेकेंडरी विद्यालय के संस्था प्रधान मनोहर लाल शर्मा ने किया।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube