हैप्पी सेवा संस्थान के नवनिर्मित रक्तशाला भवन का भव्य उद्घाटन आज, भामाशाह सम्मान समारोह एवं विशाल रक्तदान शिविर का होगा आयोजन
By Shubh Bhaskar ·
19 Jun 2026 ·
91 views
हैप्पी सेवा संस्थान के नवनिर्मित रक्तशाला भवन का भव्य उद्घाटन आज, भामाशाह सम्मान समारोह एवं विशाल रक्तदान शिविर का होगा आयोजन
पीपाड़ सिटी। सामाजिक सरोकारों एवं मानव सेवा के क्षेत्र में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रही हैप्पी सेवा संस्थान (हैप्पी क्लब) द्वारा निर्मित नवीन रक्तशाला भवन का भव्य उद्घाटन समारोह श्रद्धा, सेवा और सम्मान के वातावरण में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर संस्थान की ओर से विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं भामाशाह सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जा रहा है।
संस्था सचिव माधुसिंह कच्छावाह ने बताया कि क्षेत्र में रक्तदान एवं जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही संस्था के नवीन भवन का उद्घाटन समारोह धार्मिक एवं सामाजिक गरिमा के साथ संपन्न होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के साथ होगा, जिसमें क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में रक्तदाताओं के भाग लेने की संभावना है। वहीं, दोपहर 12:15 बजे भामाशाह सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें संस्थान के भवन निर्माण एवं विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में उल्लेखनीय सहयोग प्रदान करने वाले भामाशाहों एवं सहयोगकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा।कार्यक्रम को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान करने हेतु पुरुषोत्तमदास महाराज रामधाम खेड़ापा, महंत हीरामणि दास महाराज, गणाधिपति खाकीची बगीची तथा रामदास महाराज, मलूक धाम का सानिध्य प्राप्त होगा।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अविनाश गहलोत, कैबिनेट मंत्री (सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, राजस्थान सरकार), राजेंद्र गहलोत, राज्यसभा सांसद, अर्जुनलाल गर्ग, विधायक बिलाड़ा, रामनारायण डूडी, पूर्व सांसद, बद्रीराम जाखड़, पूर्व सांसद, राजेंद्र सोलंकी, सुनील परिहार, श्रीमती कुंती देवड़ा, मोहनलाल कटारिया सहित अनेक स्थानिय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। संस्थान के पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर रक्तदान करने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दें।