अलवर अस्पताल में नर्सिंग कर्मचारी पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप, परिजनों ने की पिटाई।
By Shubh Bhaskar ·
23 May 2026 ·
21 views
अलवर अस्पताल में नर्सिंग कर्मचारी पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप, परिजनों ने की पिटाई।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- अलवर जिले के एक सरकारी अस्पताल में देर रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब भर्ती मरीज की देखभाल कर रही महिला अटेंडेंट ने एक नर्सिंग कर्मचारी पर छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए परिजनों ने आरोपी कर्मचारी की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से नियुक्त नरेंद्र नामक नर्सिंग कर्मचारी पर आरोप है कि उसने रात के समय महिला अटेंडेंट के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की। परिजनों का आरोप है कि कर्मचारी नशे की हालत में था। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और जमकर विरोध जताया।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। वहीं अस्पताल प्रशासन भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गया है।
अस्पताल के पीएमओ ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपी कर्मचारी को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने की बात कही गई है।
घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। परिजनों और आमजन ने सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।