अलवर जिले में तेज अंधड़ का कहर, बालिका की मौत सहित कई लोग घायल।
By Shubh Bhaskar ·
14 May 2026 ·
9 views
अलवर जिले में तेज अंधड़ का कहर, बालिका की मौत सहित कई लोग घायल।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- अलवर जिले में बुधवार शाम आए तेज अंधड़ और तेज हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हादसों की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें एक बालिका की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पहला मामला उमरैण क्षेत्र का है, जहां तेज अंधड़ के दौरान उड़कर आई लोहे की टीन एक बालिका पर गिर गई। हादसे में बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
दूसरी घटना अलवर शहर के शांतिकुंज क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि आरआर कॉलेज के खेल मैदान से दौड़ लगाते हुए शांतिकुंज पहुंचे एक युवक पर अचानक सफेदा का पेड़ गिर पड़ा। हादसे में युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
तीसरा मामला माचाड़ी क्षेत्र का है। यहां एक युवक बाइक से राजगढ़ से अपने गांव टोडा नागर लौट रहा था। इसी दौरान तेज अंधड़ के चलते माचाड़ी गांव के पास अचानक पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से युवक घायल हो गया।
वहीं चौथा हादसा राजगढ़ हाईवे पर हुआ। बालेटा निवासी पप्पूराम बाइक से राजगढ़ से अलवर की ओर आ रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे लगे लोहे के एंगल तेज हवाओं के कारण उसके गले में जा लगे, जिससे उसके गले में गंभीर चोट आई। राहगीरों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
तेज अंधड़ के कारण जिलेभर में कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए और बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।