नीट पेपर लीक मामले में भाजपा नेता और भाई गिरफ्तार, राजनीतिक बयानबाजी तेज।
By Shubh Bhaskar ·
14 May 2026 ·
12 views
नीट पेपर लीक मामले में भाजपा नेता और भाई गिरफ्तार, राजनीतिक बयानबाजी तेज।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- नई दिल्ली- जयपुर नीट पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों ने राजस्थान से भाजपा से जुड़े एक नेता और उसके भाई को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश बिवाल और उसके भाई मांगीलाल बिवाल के रूप में हुई है। राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की पूछताछ में सामने आया कि दोनों भाइयों ने कथित तौर पर 30 लाख रुपए में पेपर खरीदा था। बताया जा रहा है कि यह पेपर सीकर जिले के राकेश मंडवारिया से लिया गया था।
जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि दोनों भाइयों ने अपने परिवार के कुछ बच्चों के लिए पेपर खरीदा था और बाद में आर्थिक लाभ के लिए इसे अन्य लोगों तक पहुंचाया। दिनेश बिवाल जयपुर की जमवारामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता बताया जा रहा है। वह भाजपा के कई कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है तथा युवा मोर्चा में भी पद संभाल चुका है।
फिलहाल दिनेश बिवाल और मांगीलाल बिवाल सीबीआई की हिरासत में हैं। एसओजी ने मंगलवार रात जिन दो दर्जन से अधिक लोगों को सीबीआई को सौंपा था, उनमें दोनों भाई भी शामिल थे। इधर, कांग्रेस ने इस मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर भाजपा नेता दिनेश बिवाल की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए सवाल उठाए हैं।
*युवा कांग्रेस का केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन*
नीट पेपर लीक मामले को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने युवा कांग्रेस कार्यालय से रायसीना रोड तक मार्च निकालने का प्रयास किया, लेकिन दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। अक्षय लाकड़ा ने कहा कि सरकार अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सक्रिय दिखाई देती है, लेकिन देश में लगातार हो रहे पेपर लीक रोकने में विफल साबित हो रही है।
*अरविंद केजरीवाल ने भी साधा निशाना*
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हर वर्ष लाखों छात्र कठिन मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक माफिया उनके सपनों को तोड़ देता है।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि हर बार मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी जाती है, कुछ गिरफ्तारियां होती हैं और कुछ समय बाद आरोपी जमानत पर बाहर आ जाते हैं। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से शिक्षा व्यवस्था को बचाने के लिए आगे आने की अपील की।