ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

अनार तोड़ने के विवाद में हुई थी हत्या, पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा

By Shubh Bhaskar · 11 May 2026 · 17 views
अनार तोड़ने के विवाद में हुई थी हत्या,
पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा

मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार

बच्चों के विवाद ने लिया खूनी रूप, मासूम राजकुमार की हत्या से गांव में सनसनी
हत्या के बाद रिश्तेदारों के यहां छिपा था आरोपी

शुभ भास्कर सम्वाददाता संतोष कुमार

उत्तर प्रदेश बलरामपुर। थाना गौरा चौराहा क्षेत्र में मासूम बालक राजकुमार की हत्या की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बच्चों के बीच हुए पुराने विवाद और अनार तोड़ने को लेकर हुए झगड़े के बाद आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया।
घटना की शुरुआत 8 मई 2026 को हुई, जब त्रिलोकपुर निवासी सावित्री देवी ने अपने पुत्र राजकुमार के लापता होने की सूचना थाना गौरा चौराहा में दी। इस पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। अगले दिन मृतक के पिता नानबाबू ने सूचना दी कि राजकुमार का शव गांव के ही दिनेश यादव के घर के उत्तर दिशा में गड्ढे में पड़ा मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय तथा क्षेत्राधिकारी नगर ज्योति श्री के पर्यवेक्षण में थाना गौरा चौराहा पुलिस ने जांच तेज करते हुए सोमवार को पिपराघाट पुल के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में महेश यादव पुत्र तिलकराम निवासी त्रिलोकपुर तथा आकाश पुत्र अयोध्या प्रसाद निवासी कोल्हुईया शामिल हैं। पूछताछ में मुख्य आरोपी महेश यादव ने स्वीकार किया कि मृतक राजकुमार से पहले भी झगड़ा हो चुका था और हाल ही में अनार तोड़ने को लेकर उसकी मां के साथ गाली-गलौज हुई थी। इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया। आरोपी ने अपने अन्य तीन भाइयों की भी घटना में संलिप्तता बताई है।
पुलिस के मुताबिक आकाश आरोपी महेश को फरार कराने में मदद कर रहा था और मोटरसाइकिल से उसे दूर ले जाने का प्रयास कर रहा था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube