कालीमोरी अंडरपास निर्माण कार्य शुरू, वर्षों पुराने संघर्ष को मिली सफलता।
By Shubh Bhaskar ·
10 May 2026 ·
11 views
कालीमोरी अंडरपास निर्माण कार्य शुरू, वर्षों पुराने संघर्ष को मिली सफलता।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अलवर शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है कि कालीमोरी अंडरपास का निर्माण कार्य शनिवार 10 मई से शुरू हो गया। जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य पूरा होने के बाद शाम तक रेलवे संचालन भी पुनः शुरू कर दिया जाएगा।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने बताया कि वर्ष 2018 से लगातार इस अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर प्रयास किए जा रहे थे। पार्टी द्वारा जिला कलेक्टर, परिवहन मंत्री, केंद्रीय रेल मंत्री, सार्वजनिक निर्माण विभाग तथा रेलवे महाप्रबंधक सहित विभिन्न अधिकारियों को कई बार ज्ञापन और पत्र भेजे गए।
अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने कालीमोरी फाटक और सार्वजनिक निर्माण विभाग कार्यालय पर जनसहयोग से धरने-प्रदर्शन भी किए। पार्टी नेताओं ने बताया कि यह निर्माण कार्य दिसंबर 2022 तक पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन संबंधित स्थान पर जमीन विवाद के कारण कार्य में देरी हुई। बाद में अंडरपास का स्थान परिवर्तित कर नया नक्शा तैयार किया गया।
पार्टी ने इस कार्य में सार्वजनिक निर्माण विभाग की अधिशाषी अभियंता श्रीमती अल्का व्यास की सकारात्मक भूमिका की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही उन सभी लोगों एवं संस्थाओं का धन्यवाद किया गया, जिन्होंने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से इस परियोजना को पूरा कराने में सहयोग दिया।
पार्टी पदाधिकारियों ने मीडिया का भी विशेष आभार जताया, जिन्होंने इस मुद्दे को लगातार प्रमुखता से उठाकर जनहित के इस कार्य को सुर्खियों में बनाए रखा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कालीमोरी अंडरपास बनने से रेलवे पटरी पार रहने वाले हजारों लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिलेगी।