ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

एवरेस्ट बेस कैंप फतह करने निकलीं बलरामपुर की बेटियां महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल:

By Shubh Bhaskar · 07 May 2026 · 28 views
एवरेस्ट बेस कैंप फतह करने निकलीं बलरामपुर की बेटियां
महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल:

जनपद की छात्राएं पर्वतारोहण अभियान के लिए रवाना


जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया छात्राओं का उत्साह, कहा— बेटियां हर क्षेत्र में अग्रणी

शुभ भास्कर सम्वाददाता संतोष कुमार

उत्तर प्रदेश बलरामपुर।
महिला सशक्तिकरण एवं “सशक्त बेटियां, सशक्त बलरामपुर” अभियान के तहत जनपद की तीन प्रतिभाशाली छात्राएं एवरेस्ट बेस कैंप अभियान के लिए रवाना हुईं। छात्राओं की इस उपलब्धि से पूरे जनपद में गर्व और उत्साह का माहौल है।
कलेक्ट्रेट परिसर से विधायक बलरामपुर सदर , विधायक तुलसीपुर एवं जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी ने छात्राओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पचपेड़वा की छात्रा नीलांशु, डीएवी इंटर कॉलेज की प्रियंका उपाध्याय तथा कंपोजिट स्कूल रामनगरा की प्रियंका प्रजापति शामिल हैं। उनके साथ हैंडबॉल स्पोर्ट्स स्टेडियम की प्रशिक्षक हिना खातून भी रवाना हुईं।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने छात्राओं के साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी सहित छात्राओं के अभिभावक भी उपस्थित रहे।
विधायक सदर पल्टूराम ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है और बलरामपुर की बेटियों का एवरेस्ट बेस कैंप जैसे चुनौतीपूर्ण अभियान में हिस्सा लेना पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ये छात्राएं अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनेंगी और यह संदेश देंगी कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने छात्राओं के सफल अभियान एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। जनपद में बेटियों के आत्मविश्वास, खेल प्रतिभा और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube