ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

मंडी में ओवरलोडिंग का खेल जारी, सरकार को लाखों के राजस्व का नुकसान।

By Shubh Bhaskar · 07 May 2026 · 13 views
मंडी में ओवरलोडिंग का खेल जारी, सरकार को लाखों के राजस्व का नुकसान।

*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अलवर स्थानीय कृषि उपज मंडी परिसर में इन दिनों ओवरलोड वाहनों का संचालन धड़ल्ले से जारी है। नियमों को ताक पर रखकर क्षमता से अधिक माल भरकर वाहनों का परिवहन किया जा रहा है, जिससे राज्य सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, ओवरलोड वाहन सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मंडी से निकलने वाले कई भारी वाहनों में निर्धारित सीमा से कहीं अधिक माल भरा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक 12 चक्का वाहन, जिसकी स्वीकृत क्षमता करीब 25 टन है, उसमें लगभग 33 टन तक माल लादा जा रहा है। इसी तरह “कंट्रा 920” जैसे वाहन, जिनकी क्षमता लगभग ०6 टन है, उनमें भी 22 टन तक माल भरकर परिवहन किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि व्यापारी परिवहन विभाग की कार्यवाही से बचने के लिए ओवरलोड वाहनों को देर रात एवं तड़के सुबह मंडी से रवाना करते हैं। इससे विभागीय निगरानी कमजोर पड़ जाती है और नियमों की खुलेआम अनदेखी होती रहती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि ओवरलोड वाहन सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं। अधिक वजन के कारण वाहन असंतुलित हो सकते हैं, जिससे आमजन की जान जोखिम में पड़ती है। साथ ही भारी वाहनों के लगातार दबाव से सड़कों को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है।
मोटर वाहन अधिनियम 2019 के तहत ओवरलोडिंग पर ₹20 हजार तक का आधारभूत जुर्माना तथा प्रति टन अतिरिक्त वजन पर ₹2 हजार तक अतिरिक्त जुर्माने का प्रावधान है। इसके बावजूद प्रभावी कार्यवाही नहीं होने से परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि मंडी क्षेत्र में नियमित जांच अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए, ताकि राजस्व नुकसान पर रोक लगाई जा सके और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो !

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube