ACB का बड़ा एक्शन: PWD के अधिशाषी अभियंता सहित 3 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार 4.04 लाख की रिश्वत बरामद, ठेकेदारों से ‘कलेक्शन’ का खुलासा; ठिकानों पर सर्च जारी
By Shubh Bhaskar ·
06 May 2026 ·
134 views
ACB का बड़ा एक्शन: PWD के अधिशाषी अभियंता सहित 3 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
4.04 लाख की रिश्वत बरामद, ठेकेदारों से ‘कलेक्शन’ का खुलासा; ठिकानों पर सर्च जारी
शाहपुरा(भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा-भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भीलवाड़ा में बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशाषी अभियंता शहजाद मोहम्मद सहित दो ठेकेदारों को 4,04,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
ACB के महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार, विभाग में भ्रष्टाचार की शिकायतों पर निगरानी रखी जा रही थी। जांच में सामने आया कि अधिशाषी अभियंता शहजाद मोहम्मद ठेकेदारों से कार्यों के एवज में खुद और अधीक्षण अभियंता खेमचंद मीणा के नाम पर रकम वसूल रहा था।
कलेक्ट्रेट में ट्रैप, मौके से कैश बरामद:-
ACB टीम ने कलेक्ट्रेट परिसर में ट्रैप कार्रवाई करते हुए शहजाद मोहम्मद को ठेकेदार मोडूराम धाकड़ और बनवारीलाल के साथ रिश्वत का लेनदेन करते पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से 4.04 लाख रुपये की राशि बरामद की गई।
ठिकानों पर छापे, जांच तेज
एसीबी की टीम आरोपियों के आवास और अन्य ठिकानों पर तलाशी ले रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
बड़े नेटवर्क के संकेत
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में विभागीय स्तर पर बड़े ‘कलेक्शन नेटवर्क’ के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।