ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

प्रसूता के ऑपरेशन में लापरवाही मिलने पर मेडिवे अस्पताल सील

By Shubh Bhaskar · 02 May 2026 · 229 views
प्रसूता के ऑपरेशन में लापरवाही मिलने पर मेडिवे अस्पताल सील

शुभ भास्कर सम्वाददाता संतोष कुमार

उत्तर प्रदेश बलरामपुर, शनिवार को
जनपद मुख्यालय स्थित सीएमओ कार्यालय से चंद दूरी पर संचालित मेडीवे हॉस्पिटल में गंभीर चिकित्सीय लापरवाही सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया है। आरोप है कि सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान प्रसूता के पेट में गॉज (सर्जिकल स्पंज) छोड़ दिया गया, जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
इस मामले में मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर गठित चार सदस्यीय जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट में लापरवाही की पुष्टि की। इसके आधार पर एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में शनिवार को अस्पताल को सील कर दिया गया। साथ ही संबंधित महिला सर्जन और चिकित्साधिकारी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित अजय तिवारी ने सीएमओ को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी गर्भवती पत्नी अंजू देवी का 5 सितंबर 2025 को उक्त अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन कराया गया था, जिसमें एक बच्ची का जन्म हुआ। ऑपरेशन के कुछ दिनों बाद ही प्रसूता की तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजन जब दोबारा अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सक द्वारा अल्ट्रासाउंड जांच के बाद दवाएं दी गईं, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। हालत गंभीर होने पर अस्पताल की ओर से मरीज को रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजनों ने बहराइच स्थित एक अस्पताल में इलाज कराया, जहां जांच के दौरान प्रसूता के पेट में गॉज फंसा होने का खुलासा हुआ।
बताया गया कि गॉज के कारण आंतों में सड़न हो गई थी, जिसके चलते प्रसूता की पहले एक बार बाईपास सर्जरी और बाद में आंतों का पुनः उपचार करना पड़ा। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग छह लाख रुपये का खर्च आया।
पीड़ित परिवार ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित चिकित्सक व अस्पताल संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
जांच टीम ने पीड़ित, अस्पताल संचालक और संबंधित चिकित्सकों के बयान दर्ज किए। रिपोर्ट में लापरवाही की पुष्टि होने के बाद अस्पताल को सील करने की कार्रवाई की गई। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube