ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

जिला प्रशासन का नवाचार: हर ब्लॉक में लगेंगे ‘समाधान शिविर’, 14 मई से कठूमर में होगी शुरुआत।

By Shubh Bhaskar · 01 May 2026 · 25 views
जिला प्रशासन का नवाचार: हर ब्लॉक में लगेंगे ‘समाधान शिविर’, 14 मई से कठूमर में होगी शुरुआत।


*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अलवर जिले में आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने एक अभिनव पहल शुरू की है। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देशन में केंद्र व राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के शत-प्रतिशत सैचुरेशन के उद्देश्य से प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर ‘समाधान शिविर’ आयोजित किए जाएंगे।
कलक्टर ने बताया कि इन शिविरों की खास बात यह है कि शिविर आयोजन से 10 दिन पूर्व ही तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी। इस दौरान जिला व ब्लॉक स्तर के अधिकारी तथा कार्मिक पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनके गूगल फॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करवाएंगे। साथ ही योजनाओं से संबंधित शिकायतें व परिवेदनाएं भी पहले ही ऑनलाइन दर्ज कर उनका शिविर में प्राथमिकता से निस्तारण किया जाएगा।
यहां लगेंगे समाधान शिविर
समाधान शिविरों की श्रृंखला की शुरुआत 14 मई को कठूमर से होगी। इसके बाद *निर्धारित कार्यक्रम इस प्रकार है*—
27 मई: थानागाजी
12 जून: रैणी
25 जून: उमरैण
10 जुलाई: लक्ष्मणगढ़
23 जुलाई: गोविंदगढ़
31 जुलाई: राजगढ़
7 अगस्त: रामगढ़
21 अगस्त: मालाखेड़ा
सभी शिविर संबंधित उपखण्ड मुख्यालयों पर प्रातः 10 बजे से आयोजित होंगे।
अभियान का मुख्य उद्देश्य
इस पहल का उद्देश्य केंद्र सरकार की 11 जनकल्याणकारी योजनाओं तथा राज्य सरकार की मुख्यमंत्री फ्लैगशिप योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना है। इसके साथ ही ई-गवर्नेंस पोर्टलों पर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
शिविर पूर्व ही होगा समाधान
प्रशासन ने आमजन की सुविधा के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर शिकायत संग्रहण की व्यवस्था की है। नागरिक गूगल फॉर्म व क्यूआर कोड के माध्यम से घर बैठे अपनी शिकायत, परिवेदना या समस्या दर्ज कर सकते हैं, जिनका शिविर से पहले ही निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा।
जिला प्रशासन की यह पहल न केवल योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देगी, बल्कि आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने में भी सहायक सिद्ध होगी।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube