तिजारा विधायक महंत बालकनाथ योगी ने की जनसुनवाई, बुद्ध पूर्णिमा पर दिया शांति का संदेश।
By Shubh Bhaskar ·
01 May 2026 ·
25 views
तिजारा विधायक महंत बालकनाथ योगी ने की जनसुनवाई, बुद्ध पूर्णिमा पर दिया शांति का संदेश।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- तिजारा- विधानसभा क्षेत्र तिजारा में आज विधायक महंत बालक नाथ योगी ने विभिन्न स्थानों पर जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं। यह जनसुनवाई भिवाड़ी रीको गेस्ट हाउस, टपूकड़ा स्थित बाबा नृसिंह दास आश्रम तथा तिजारा के बाबा मस्तनाथ जनसेवनम् भवन में आयोजित की गई।
जनसुनवाई के दौरान विधायक ने लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। साथ ही पिछली जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पानी, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और अधिकारियों के साथ नियमित संवाद किया जा रहा है।
इस अवसर पर उन्होंने बुद्धा पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि Gautama Buddha के प्रेम, करुणा और शांति के संदेश आज भी अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्वभर में भगवान बुद्ध के संदेशों को पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
महंत बालकनाथ योगी ने कहा कि “अप्पो दीपो भवः” के सिद्धांत को अपनाते हुए राष्ट्र आत्मनिर्भर और सशक्त बन रहा है, वहीं जो देश इन सिद्धांतों को नहीं मानते वे संघर्ष और युद्ध में उलझे हुए हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर प्रेम, दया और करुणा के भाव से मानव सेवा का संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि जीवन तभी सार्थक है जब हम भगवान बुद्ध के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और समाज व मानवता की सेवा के लिए समर्पित रहें।