बलरामपुर की चीनी मिलों में श्रमिक आरोग्य मेला, 1256 श्रमिकों का हुआ हेल्थ चेकअप
By Shubh Bhaskar ·
01 May 2026 ·
142 views
1. बलरामपुर की चीनी मिलों में श्रमिक आरोग्य मेला, 1256 श्रमिकों का हुआ हेल्थ चेकअप
2. बीपी और शुगर जांच के साथ मिला परामर्श, स्वास्थ्य विभाग की पहल
3. सीएमओ डॉ. मुकेश रस्तोगी ने किया कैंप का निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश
4. तीनों चीनी मिलों में लगे हेल्थ कैंप, श्रमिकों को मिला मुफ्त इलाज
5. समय पर जांच से बीमारियों की पहचान,
6. श्रमिकों में बढ़ी स्वास्थ्य जागरूकता
शुभ भास्कर सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर, 1 मई 2026।
जनपद बलरामपुर में श्रमिकों के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए श्रमिक आरोग्य मेला सप्ताह के तहत विशेष हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप जनपद की तीनों चीनी मिलों—बलरामपुर चीनी मिल, तुलसीपुर चीनी मिल एवं बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल (इटई मैदा) में आयोजित किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बलरामपुर चीनी मिल में आयोजित हेल्थ कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया और चिकित्सा टीम को श्रमिकों को बेहतर उपचार व परामर्श देने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने श्रमिकों से संवाद कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी जानीं।
इन कैंपों के माध्यम से कुल 1256 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सामान्य जांच के साथ-साथ विभिन्न रोगों की स्क्रीनिंग भी की।
कैंप में 502 श्रमिकों का ब्लड प्रेशर (बीपी) और 484 श्रमिकों की ब्लड शुगर जांच की गई। जांच के दौरान जिन श्रमिकों में स्वास्थ्य समस्याएं पाई गईं, उन्हें आवश्यक परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य विभाग की इस पहल का उद्देश्य श्रमिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और समय रहते बीमारियों की पहचान कर उनका उचित उपचार सुनिश्चित करना है।