जनगणना 2026 में पहली बार ‘स्व गणना’ की सुविधा, 7 मई से घर बैठे भरें 33 सवालों के जवाब
By Shubh Bhaskar ·
30 Apr 2026 ·
111 views
जनगणना 2026 में पहली बार ‘स्व गणना’ की सुविधा, 7 मई से घर बैठे भरें 33 सवालों के जवाब
22 मई से शुरू होगा घर-घर सर्वे, ऑनलाइन पंजीकरण करने वालों को मिलेगा SEID नंबर
शुभ भास्कर सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर में जनगणना 2026 को लेकर महत्वपूर्ण तैयारी पूरी कर ली गई है। इस बार जनगणना प्रक्रिया को आसान, तेज और पारदर्शी बनाने के लिए पहली बार ‘स्व गणना’ (Self Enumeration) की सुविधा शुरू की गई है।
स्व गणना की यह सुविधा 7 मई से 21 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी, जिसमें नागरिक अपने मोबाइल, कंप्यूटर या लैपटॉप के माध्यम से घर बैठे ही जनगणना के 33 प्रश्नों के उत्तर ऑनलाइन भर सकेंगे। इसके लिए निर्धारित पोर्टल पर जाकर परिवार से जुड़ी सभी जानकारी दर्ज करनी होगी।
ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के बाद आवेदक को 12 अंकों की एक स्व गणना पहचान संख्या (SEID) प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक होगा।
इसके बाद 22 मई से 20 जून 2026 तक जनगणना का प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना—प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर किया जाएगा। जिन लोगों ने पहले ही स्व गणना कर ली होगी, उन्हें केवल अपना SEID नंबर बताना होगा, जिसके आधार पर प्रगणक जानकारी का सत्यापन करेंगे।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस नई सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, ताकि जनगणना प्रक्रिया को सुचारु और प्रभावी बनाया जा सके।