तुलसीपुर में ‘जाम का जंजाल’: ई-रिक्शा चालकों की मनमानी से यातायात व्यवस्था ध्वस्त, जनता परेशान
By Shubh Bhaskar ·
29 Apr 2026 ·
33 views
तुलसीपुर में ‘जाम का जंजाल’: ई-रिक्शा चालकों की मनमानी से यातायात व्यवस्था ध्वस्त, जनता परेशान
शुभ भास्कर सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर तहसील तुलसीपुर
नगर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सड़कों पर अनियंत्रित रूप से दौड़ते ई-रिक्शा अब सुविधा के बजाय लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गए हैं। नगर की मुख्य सड़कों से लेकर संकरी गलियों तक हर जगह अव्यवस्था का आलम है, जहां न नियमों का पालन हो रहा है और न ही कानून का भय दिखाई देता है।
यातायात अव्यवस्था के पीछे प्रमुख कारणों में ई-रिक्शा चालकों का प्रशिक्षण अभाव, बेतरतीब पार्किंग और बिना लाइसेंस संचालन शामिल हैं। चालक सवारी बैठाने के लिए बीच सड़क पर अचानक वाहन रोक देते हैं, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। सूत्रों के अनुसार, कई चालक बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चला रहे हैं, जो दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि सुबह-शाम के समय स्कूली बच्चे जाम में फंस जाते हैं, जबकि मरीजों और एम्बुलेंस को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नगरवासियों ने मांग की है कि ई-रिक्शा संचालन के लिए रूट चार्ट निर्धारित किया जाए, बिना लाइसेंस चालकों के वाहनों को सीज किया जाए और प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाए।
तुलसीपुर में ‘आनंद मार्ग विद्यालय’ का पुनः शुभारंभ, शिक्षा व संस्कार की लौ फिर जली
शुभ भास्कर सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर तहसील तुलसीपुर
के ऐतिहासिक शैक्षिक संस्थान ‘आनंद मार्ग विद्यालय’ ने एक बार फिर शिक्षा की अलख जगानी शुरू कर दी है। वर्ष 1968 से संचालित यह विद्यालय, जो कभी भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अपनी सेवाएं देता था, अब तुलसीपुर में नए उत्साह के साथ पुनः संचालित हो रहा है।
कोविड काल और अन्य कारणों से बंद पड़े इस विद्यालय का पुनः शुभारंभ 23 अप्रैल 2026 को विधिवत किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, विधायक राकेश कुमार यादव, वार्ड सभासद, दिनेश कुमार सोनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विधायकों ने विद्यालय की गुरुकुल आधारित शिक्षा पद्धति और संस्कारयुक्त शिक्षण की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। विद्यालय के आचार्य मेघदीपानंद अवधूत ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आनंद मार्ग के सन्यासियों द्वारा संचालित यह विद्यालय छात्रों के सर्वांगीण विकास पर बल देता है, जिसमें योग, अनुशासन और नैतिक शिक्षा को विशेष महत्व दिया जाता है।
खबर 3
उतरौला बार संघ के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण संपन्न, न्याय व्यवस्था सुदृढ़ करने का संकल्प
शुभ भास्कर सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर
बार अधिवक्ता संघ उतरौला की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को दीवानी संघ भवन में आयोजित हुआ। चुनाव अधिकारी शंभू लाल गुप्ता ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
प्रह्लाद यादव ने अध्यक्ष, रविशंकर मिश्र ने महामंत्री तथा प्रमोद कुमार सोनी ने वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद की शपथ ली। इसके अलावा कोषाध्यक्ष, संयुक्त मंत्री, उपाध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्यों सहित कई पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण किया।
शपथ के बाद अध्यक्ष प्रह्लाद यादव ने बार के हित में कार्य करने का संकल्प लिया, जबकि महामंत्री रविशंकर मिश्र ने बार और बेंच के बेहतर समन्वय के जरिए आमजन को सुलभ न्याय दिलाने को प्राथमिकता बताया।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी प्रिंस जिन्दल, सिद्धांत सोलंकी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।