ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का जयपुर दौरा, संगठन विस्तार व योजनाओं के प्रचार पर हुई अहम बैठक: *डॉ. अरुण चतुर्वेदी*

By Shubh Bhaskar · 28 Apr 2026 · 9 views
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का जयपुर दौरा, संगठन विस्तार व योजनाओं के प्रचार पर हुई अहम बैठक: *डॉ. अरुण चतुर्वेदी*

महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस के विरोध के खिलाफ भाजपा के प्रदर्शन की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की सराहना।


*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*

(माचाड़ीअलवर);- जयपुर- जयपुर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य वित्त आयोग के चेयरमैन डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जयपुर स्थित पार्टी मुख्यालय में पदाधिकारियों और कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में संगठन विस्तार, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि नितिन नवीन पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार समाप्त करने के बाद सोमवार को राजस्थान पहुंचे। जयपुर एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका पारंपरिक और भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट से भाजपा मुख्यालय तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन करते हुए प्रदेश की सांस्कृतिक झलक पेश की।
उन्होंने बताया कि मुख्यालय में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठनात्मक विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया। बैठक के बाद वे पुनः जयपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला राजस्थान दौरा था, जो कार्यकर्ताओं की एकजुटता और सक्रियता को दर्शाता है।
बैठक में संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए यह निर्णय लिया गया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को संगठन के माध्यम से आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। साथ ही संगठन को और अधिक सक्रिय, मजबूत एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए नियमित बैठकों और प्रवास कार्यक्रमों को गति देने पर जोर दिया गया।
डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि मंडल, जिला एवं प्रदेश स्तर पर नियमित बैठकों के आयोजन, कार्यप्रणाली की समीक्षा तथा राष्ट्रीय योजनाओं को धरातल पर लागू करने की रूपरेखा तैयार की गई। मंत्रियों के प्रवास कार्यक्रमों के दौरान योजनाओं की समीक्षा और कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
कोर कमेटी की बैठक में ‘नारी शक्ति वंदन’ अभियान पर विशेष फोकस रहा। महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस सहित विपक्ष के विरोध के खिलाफ राजस्थान भाजपा की मातृशक्ति द्वारा किए गए प्रदर्शन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सराहना की। बैठक में महिला सशक्तिकरण, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत रणनीति भी बनाई गई।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube