अलवर मंडी में बिना रजिस्ट्रेशन दौड़ रहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली, ओवरलोडिंग से बड़े हादसे का खतरा।
By Shubh Bhaskar ·
22 Apr 2026 ·
18 views
अलवर मंडी में बिना रजिस्ट्रेशन दौड़ रहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली, ओवरलोडिंग से बड़े हादसे का खतरा।
नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- अलवर कृषि उपज मंडी परिसर में नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है, जहां बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना रजिस्ट्रेशन के कमर्शियल कार्यों में लगी हुई हैं। जानकारी के अनुसार मंडी क्षेत्र में करीब 75 से 80 ट्रैक्टर-ट्रॉली संचालित हो रही हैं, जो न केवल बिना पंजीकरण के हैं, बल्कि क्षमता से कई गुना अधिक माल ढो रही हैं।
बताया जा रहा है कि ये ट्रैक्टर-ट्रॉली 20 से 25 टन तक माल परिवहन कर रही हैं, जबकि नियमों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग केवल कृषि कार्यों तक सीमित है। भीड़भाड़ वाले मंडी क्षेत्र में इस तरह की ओवरलोडिंग किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है।
इस अवैध गतिविधि से मिल मालिकों और व्यापारियों को जहां सीधा फायदा हो रहा है, वहीं राज्य सरकार को टैक्स के रूप में लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। नियमों के मुताबिक बिना रजिस्ट्रेशन कमर्शियल उपयोग पर एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है, बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
परिवहन विभाग की भूमिका भी सवालों के घेरे में है, जो पूरे मामले से अवगत होने के बावजूद चुप्पी साधे हुए है। इससे प्रशासनिक उदासीनता साफ झलकती है।
सबसे गंभीर पहलू यह है कि यदि इन ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली के कारण कोई दुर्घटना होती है, तो पीड़ितों को न तो बीमा का लाभ मिल पाएगा और न ही उचित मुआवजा। ऐसे में जवाबदेही तय करना एक बड़ी चुनौती बन सकता है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन कब तक इस लापरवाही को नजरअंदाज करता है और कब सख्त कदम उठाकर मंडी क्षेत्र में व्यवस्था को सुधारता है।