एडीएम के आदेश हवा में: 15 दिन बाद भी मंडी में न पानी, न टंकी की सफाई, किसान परेशान।
By Shubh Bhaskar ·
22 Apr 2026 ·
14 views
एडीएम के आदेश हवा में: 15 दिन बाद भी मंडी में न पानी, न टंकी की सफाई, किसान परेशान।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अलवर किसानों की शिकायत पर प्रशासन हरकत में तो आया, लेकिन उसका असर जमीनी स्तर पर नजर नहीं आ रहा है। एक अप्रैल को किसान नेताओं द्वारा मिनी सचिवालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपने के बाद अतिरिक्त जिला कलेक्टर योगेश डागुर ने कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया था।
निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में पेयजल व्यवस्था की बदहाली सामने आई थी। पानी की टंकी की लंबे समय से सफाई नहीं होने और ठंडे पानी की व्यवस्था के अभाव को गंभीरता से लेते हुए एडीएम ने मंडी अधिकारियों को तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए थे। इस दौरान किसान संगठनों के प्रतिनिधि और व्यापारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने पेयजल की उचित व्यवस्था और टंकियों की नियमित सफाई की मांग प्रमुखता से उठाई थी।
एडीएम ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि मंडी परिसर में जल्द से जल्द व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं, ताकि किसानों को राहत मिल सके।
लेकिन हैरानी की बात यह है कि आदेशों के 15 दिन बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं। मंडी में न तो पानी की टंकी की सफाई हुई है और न ही ठंडे पानी की कोई व्यवस्था की गई है। भीषण गर्मी के बीच किसान अब भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशान हैं।
यह स्थिति मंडी प्रशासन की लापरवाही और उच्च अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी को उजागर करती है। अब सवाल यह है कि जब जिम्मेदार अधिकारी ही निर्देशों को गंभीरता से नहीं लेते, तो किसानों की समस्याओं का समाधान कैसे होगा।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस लापरवाही पर क्या कार्यवाही करता है या फिर किसान यूं ही परेशान होते रहेंगे।