कर्नलगंज नगर पालिका उपचुनाव में लापरवाही, पहले दिन ही ठप रही नामांकन प्रक्रिया
By Shubh Bhaskar ·
10 Apr 2026 ·
7 views
कर्नलगंज नगर पालिका उपचुनाव में लापरवाही, पहले दिन ही ठप रही नामांकन प्रक्रिया
गोंडा। नगर पालिका परिषद कर्नलगंज के वार्ड संख्या 16 (सकरौरा) और वार्ड संख्या 25 (भैरवनाथपुरम) में सभासद पद के लिए हो रहे उपचुनाव के दौरान प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। नामांकन प्रक्रिया के पहले ही दिन अव्यवस्था के चलते प्रत्याशियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि शुक्रवार, 10 अप्रैल को नामांकन प्रक्रिया का पहला दिन निर्धारित था। नियमानुसार प्रत्याशियों को नामांकन पत्र खरीदने के लिए निर्धारित स्थल पर पहुंचना था, लेकिन वहां तैनात रिटर्निंग ऑफिसर की कुर्सी घंटों खाली पड़ी रही। अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण नामांकन की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। इस दौरान परवेज, साजिद सिद्दीकी सहित कई संभावित प्रत्याशी मौके पर मौजूद रहे और घंटों तक इंतजार करते रहे, लेकिन नामांकन पत्र न मिलने से वे मायूस होकर लौटने को मजबूर हो गए। प्रत्याशियों ने इसे चुनावी प्रक्रिया के साथ गंभीर लापरवाही बताते हुए नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों और प्रत्याशियों का कहना है कि जब चुनाव की शुरुआत ही इस तरह की अव्यवस्था के साथ हो रही है, तो निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की उम्मीद करना मुश्किल है। इस घटना ने चुनावी व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्याशियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और प्रभावित लोगों को नामांकन के लिए अतिरिक्त समय दिया जाए, ताकि किसी का लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित न हो। फिलहाल, प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, यह घटना चुनावी व्यवस्थाओं में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता को उजागर करती है।