ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

खूनी वारदात के चंद घंटों बाद 'नंदा' पुलिस के पिंजरे में: कोटा पुलिस का बड़ा धमाका।

By Shubh Bhaskar · 10 Apr 2026 · 8 views
दैनिक शुभ भास्कर

संवाददाता सुरेश कुमार पटेरिया

खूनी वारदात के चंद घंटों बाद 'नंदा' पुलिस के पिंजरे में: कोटा पुलिस का बड़ा धमाका।

हरिओम नगर में युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर ली थी जान, SP तेजस्वनी गौतम के सुपर-एक्शन से सलाखों के पीछे पहुँचा कातिल।



कोटा शहर पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अपराधियों के लिए शहर में कोई जगह नहीं है। महावीर नगर थाना क्षेत्र के हरिओम नगर में गुरुवार रात हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने 'बुलेट की रफ्तार' से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को चंद घंटों के भीतर दबोच लिया। आरोपी ने पुरानी रंजिश या आपसी विवाद के चलते एक युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी।


वारदात:- घर के बाहर घात लगाकर हमला घटनाक्रम के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8:30 बजे आरोपी नरेन्द्र पांचाल उर्फ नंदा (26) पीड़ित के घर पहुँचा। वहां दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद नंदा ने तैश में आकर अपने पास रखे चाकू से युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में युवक जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।


एक्शन मोड में खाकी:-रातभर चली दबिश वारदात की खबर मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक (SP) तेजस्वनी गौतम (IPS) ने इसे चुनौती के रूप में लिया। तुरंत एएसपी दिलीप कुमार सैनी और डीएसपी मनीष शर्मा के नेतृत्व में एक स्पेशल स्ट्राइक टीम का गठन किया गया। उप-निरीक्षक कमल किशोर और उनकी टीम ने रात भर शहर के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों के जाल की मदद से पुलिस ने आरोपी का पीछा किया और उसे नयागांव इलाके से घेराबंदी कर धर दबोचा।


शातिर है आरोपी:- पुराना है जुर्म का नाता पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी नरेन्द्र पांचाल कोई नौसिखिया नहीं, बल्कि शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही मारपीट और आर्म्स एक्ट के तीन गंभीर मामले अनंतपुरा, महावीर नगर और आरके पुरम थानों में दर्ज हैं। पुलिस अब उसे भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत न्यायालय में पेश करेगी।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube