कोटा पुलिस का बड़ा एक्शन: कत्ल की सनसनीखेज वारदात का 12 घंटे में खुलासा, मुख्य आरोपी सोहेल गिरफ्तार
By Shubh Bhaskar ·
08 Apr 2026 ·
134 views
दैनिक शुभ भास्कर
संवाददाता सुरेश कुमार पटेरिया
कोटा पुलिस का बड़ा एक्शन: कत्ल की सनसनीखेज वारदात का 12 घंटे में खुलासा, मुख्य आरोपी सोहेल गिरफ्तार
कोटा शहर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए लाडपुरा क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या की वारदात को महज़ 12 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या करने वाले मुख्य आरोपी सोहेल उर्फ मोटू (25) को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया है। एसपी तेजस्विनी गौतम के कड़े निर्देशों के बाद पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मुखबिरों के जाल की मदद से यह सफलता हासिल की।
लाल मिर्च झोंककर किया था जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार, यह खौफनाक वारदात 7 अप्रैल की रात करीब 8 बजे अनिल टॉकीज के पास हुई। परिवादी मोहम्मद सुल्तान ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी सोहेल ने उसके भाई सलमान को रास्ते में रोका और उसकी आँखों में लाल मिर्च झोंक दी। जब सलमान कुछ देख पाने की स्थिति में नहीं था, तब आरोपी ने चाकू से उस पर ताबड़तोड़ 6 वार किए। गंभीर हालत में सलमान को एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
ठिकाने बदल रहा था आरोपी, पुलिस ने ऐसे दबोचा
हत्या के बाद आरोपी शहर छोड़कर भागने की फिराक में था और बार-बार अपने छिपने के ठिकाने बदल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी तेजस्विनी गौतम ने एएसपी दिलीप कुमार सैनी और डीएसपी लोकेंद्र पालीवाल के सुपरविजन में विशेष टीम का गठन किया। थानाधिकारी महेंद्र कुमार मारू के नेतृत्व में टीम ने लाडपुरा और आसपास के इलाकों में दबिश दी और आखिरकार 8 अप्रैल को आरोपी को धरती कार्यालय के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुरानी रंजिश बनी कत्ल की वजह
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी सोहेल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि मृतक सलमान के साथ उसकी पुरानी मारपीट हुई थी, जिसका बदला लेने के लिए उसने हत्या की साजिश रची। पुलिस अब इस मामले में अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।