जिला कलेक्टर डॉ अर्तिका शुक्ला बुधवार को रैणी उपखंड क्षेत्र के दौरे पर रही।
By Shubh Bhaskar ·
01 Apr 2026 ·
62 views
जिला कलेक्टर डॉ अर्तिका शुक्ला बुधवार को रैणी उपखंड क्षेत्र के दौरे पर रही।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- रैणी- जिला कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला बुधवार को रैणी उपखंड क्षेत्र के दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 के प्रथम चरण के अंतर्गत ग्राम पंचायत पाटन में स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन बावड़ी का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलक्टर ने जल संरक्षण के पारंपरिक स्रोतों के संरक्षण एवं पुनरोद्धार पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बावड़ी के जीर्णोद्धार का कार्य 31 मई 2026 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने बावड़ी की वर्तमान स्थिति एवं उसकी प्राचीन वास्तुकला का बारीकी से अवलोकन किया और सफाई व मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
कलक्टर डॉ. शुक्ला ने कहा कि प्राचीन बावड़ियाँ हमारी सांस्कृतिक धरोहर होने के साथ-साथ जल प्रबंधन का एक प्रभावी माध्यम भी हैं। इनके संरक्षण से वर्षा जल संचयन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के जल स्तर में सुधार होगा।
*पुनरोद्धार के लिए बनाई कार्ययोजना*कलेक्टर ने स्थानीय प्रशासन एवं ग्राम पंचायत को बावड़ी के आसपास नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा इसे पर्यटन एवं सार्वजनिक उपयोग के दृष्टिकोण से विकसित करने की संभावनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जीर्णोद्धार कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर रैणी एसडीएम हरकेश मीणा, तहसीलदार कैलाश चंद्र महर, बीडीओ राधेश्याम मीणा, सहायक अभियंता भारत भूषण, कनिष्ठ अभियंता सनी यादव एवं ईश्वरी प्रसाद शर्मा, ग्राम विकास अधिकारी ललित प्रसाद शर्मा सहित राजस्व एवं पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कलक्टर को क्षेत्र में चल रहे अन्य विकास कार्यों एवं पेयजल आपूर्ति की स्थिति की भी जानकारी दी।
कलक्टर के इस दौरे के बाद ग्रामीणों में प्राचीन बावड़ी के पुनरोद्धार और क्षेत्र के जल स्तर में सुधार को लेकर नई उम्मीद जगी है।