बलरामपुर में 200 आंगनबाड़ी कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरण
By Shubh Bhaskar ·
30 Mar 2026 ·
46 views
बलरामपुर में 200 आंगनबाड़ी कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरण
मुख्यमंत्री के वर्चुअल संबोधन से मिला मार्गदर्शन, महिला सशक्तिकरण पर जोर
शुभ भास्कर सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर
जनपद में महिला एवं बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला एवं जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का वर्चुअल संबोधन भी प्रसारित किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नव नियुक्त कर्मियों ने ध्यानपूर्वक सुना। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण, सुपोषण अभियान एवं आंगनबाड़ी सेवाओं को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।
17 कार्यकत्री व 183 सहायिकाओं को मिला नियुक्ति पत्र
जनपद स्तरीय कार्यक्रम में 17 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं रेहरा बाजार, गैसड़ी और उतरौला विकास खंड की 183 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।
1915 स्मार्टफोन से होगा डिजिटल सशक्तिकरण
आंगनबाड़ी सेवाओं को तकनीकी रूप से मजबूत करने के लिए जनपद में 1915 सैमसंग 5G मोबाइल फोन उपलब्ध कराए गए हैं। कार्यक्रम में 15 मुख्य सेविकाओं को मोबाइल वितरित किए गए, जिससे पोषण ट्रैकिंग, डेटा अपडेट और मॉनिटरिंग कार्य में सुधार होगा।
6 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण
इस अवसर पर अचकवापुर (पचपेड़वा), विरदाकनिया भारी (उतरौला), देवरिया आदम (रेहरा बाजार), रतनपुर झिंगहा (गैसड़ी), देवपुरा एवं बनघुसरी (हरैया सतघरवा) सहित 6 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण भी किया गया।
विधायकों ने दी शुभकामनाएं
सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने नव नियुक्त कर्मियों से निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
वहीं विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
महिला सशक्तिकरण को मिलेगा नया बल
यह नियुक्ति कार्यक्रम जनपद में सुपोषण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।