जिंदोली घाटी (अलवर) में तीन दिवसीय वैदिक सम्मेलन का भव्य आयोजन।
By Shubh Bhaskar ·
30 Mar 2026 ·
14 views
जिंदोली घाटी (अलवर) में तीन दिवसीय वैदिक सम्मेलन का भव्य आयोजन।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- अलवर जिले की जिंदोली घाटी स्थित श्री भागवत धर्म संस्कृत वेद विद्यालय में तीन दिवसीय वैदिक सम्मेलन श्रद्धा,भक्ति और वैदिक परंपराओं के अनुरूप अत्यंत गरिमामय वातावरण में आयोजित किया जा रहा है। इस आध्यात्मिक आयोजन में देशभर से पधारे वैदिक आचार्य, विद्वान एवं गुरुओं की उपस्थिति से परिसर पूरी तरह वैदिक मंत्रोच्चार और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत नजर आ रहा है।
महासंघ के पंडित विवेकानन्द शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन के दौरान चारों वेदों का समन्वित चिंतन, अध्ययन एवं उच्चारण किया जा रहा है, जिससे वैदिक ज्ञान की परंपरा को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
यह महत्वपूर्ण आयोजन महर्षि सांदीपन राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान,उज्जैन के सानिध्य में संपन्न हो रहा है, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई है। सम्मेलन के दौरान राजस्थान पुजारी महासंघ को विशेष उद्बोधन का अवसर भी प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर महासंघ के पदाधिकारियों का सम्मान किया गया, जिनमें अध्यक्ष आचार्य राजेंद्र पंडित, मंत्री महेश चंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष मोनू शर्मा, उपाध्यक्ष योगानंद शर्मा, पंडित विवेकानन्द शर्मा एवं अनिल शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंतर्गत महासंघ की ओर से मुख्य आयोजकों के प्रति आभार प्रकट किया गया। यह वैदिक सम्मेलन भारतीय सनातन संस्कृति, वेद परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।