मूला माता मंदिर में आयोजित नवरात्र मेले में उमड़ा जनसैलाब
By Shubh Bhaskar ·
24 Mar 2026 ·
23 views
मूला माता मंदिर में आयोजित नवरात्र मेले में उमड़ा जनसैलाब
दैनिक शुभ भास्कर राजस्थान चित्तौड़गढ़ कैलाश चंद्र सेरसिया
चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर पुरातात्विक महत्व वाले देवी मूला माता मंदिर में आयोजित नवरात्र मेले में जनसैलाब उमड़ पड़ा । जिले के उपखंड कपासन में स्थित देवी मूला माता के प्रति लोगों की गहरी आस्था है । माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं, वहीं ग्रामीण अंचलों से हजारों की संख्या में महिला-पुरुष मेला देखने पहुंचे। मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं ने महा भंडारे में प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ लिया। साथ ही डोलर, झूले-चकरी का आनंद लेते हुए मेले का भरपूर लुत्फ उठाया। मनिहारी, खिलौनों और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर भी जमकर खरीदारी देखने को मिली। रंगमंच पर आयोजित विशाल भजन संध्या ने देर रात तक श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबोए रखा। भजन-कीर्तन की मधुर स्वर लहरियों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। मेला समिति के अनुसार महा भंडारे में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। उल्लेखनीय है कि मंदिर परिसर में खुदाई के दौरान 15वीं सदी की प्राचीन मूर्तियां, ईंटों की दीवारें और स्तंभ प्राप्त हुए हैं, जिन्हें ट्रस्ट द्वारा संरक्षित कर रखा गया है। मूला माता मंदिर का यह नवरात्र मेला मेवाड़ का सबसे बड़ा चैत्र नवरात्र मेला बनकर उभर रहा है, जो आस्था, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम बन गया है।