डीएम का राप्ती गैस गोदाम पर औचक निरीक्षण, अव्यवस्था पर जताई नाराजगी
By Shubh Bhaskar ·
20 Mar 2026 ·
22 views
डीएम का राप्ती गैस गोदाम पर औचक निरीक्षण, अव्यवस्था पर जताई नाराजगी
शुभ भास्कर सम्वाददाता संतोष कुमार
उत्तर प्रदेश बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने जनपद में गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से धर्मपुर स्थित भारत गैस के राप्ती गैस गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बुकिंग और वितरण व्यवस्था की स्थिति का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान गैस वितरण स्थल पर उपभोक्ताओं की लंबी और अव्यवस्थित कतारों को देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और एजेंसी संचालकों को फटकार लगाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
डीएम ने भीड़ नियंत्रण के लिए टोकन सिस्टम लागू करने और उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित समय (टाइम स्लॉट) तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बुकिंग के अनुरूप एलपीजी सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, जिससे वितरण प्रक्रिया सुचारू हो सके।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिलाधिकारी ने गैस वितरण केंद्र पर क्यूआर कोड लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि पारदर्शिता बढ़े और प्रक्रिया सरल बने।
निरीक्षण के उपरांत उन्होंने गैस एजेंसी कार्यालय का भी निरीक्षण कर अभिलेखों और उपभोक्ता सेवा व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा सभी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनहित सर्वोपरि है और गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेंदु एवं पूर्ति निरीक्षक भी मौजूद रहे।