ShubhBhaskar
SHUBHBHASKAR
E Paper

बुद्धा पार्क के सौन्दर्यीकरण व विस्तार का सोमवार को होगा शिलान्यास

By Shubh Bhaskar · 19 Mar 2026 · 27 views
बुद्धा पार्क के सौन्दर्यीकरण व विस्तार का सोमवार को होगा शिलान्यास


70 लाख की परियोजना से बदलेगा पार्क का स्वरूप, बौद्ध संतों के पूजन के साथ शुरू होगा निर्माण कार्य


शुभ भास्कर उत्तर प्रदेश
सम्वाददाता संतोष कुमार

बलरामपुर।
आदर्श नगरपालिका परिषद क्षेत्र में स्थित बुद्धा पार्क के सौन्दर्यीकरण एवं विस्तार कार्य का शिलान्यास आगामी सोमवार को किया जाएगा। इस अवसर पर बौद्ध धर्म के संतों द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जाएगा।
नगरपालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना के लिए लगभग 70 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। पार्क के विकास के तहत कई महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे, जिससे इसका स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा।
उन्होंने बताया कि परियोजना में नई बाउंड्री वॉल का निर्माण, हरित क्षेत्र (ग्रीन एरिया) का विकास, बैठने की बेहतर व्यवस्था, बच्चों के लिए आधुनिक खेल उपकरणों की स्थापना तथा पार्क में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। विशेष डिज़ाइन के तहत पार्क को आकर्षक और उपयोगी बनाया जाएगा।
गौरतलब है कि पूर्व में पार्क की बाउंड्री क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण इसकी सुरक्षा और सौन्दर्य प्रभावित हो रहा था। इसे ध्यान में रखते हुए शासन से धनराशि स्वीकृत कर यह कार्य शुरू कराया जा रहा है।
शिलान्यास कार्यक्रम में बौद्ध धर्म के गुरुओं एवं अनुयायियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जो धार्मिक विधि-विधान के साथ कार्यक्रम को संपन्न करेंगे। कार्यक्रम के बाद निर्माण कार्य को तेजी से शुरू कर निर्धारित समय में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
स्थानीय नागरिकों में इस योजना को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि पार्क के विकसित होने से बच्चों, युवाओं एवं बुजुर्गों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और यह स्थान सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

More News

Share News

WhatsApp

X

Facebook

Telegram

Instagram

YouTube