भ्रष्टाचार की शिकायत पर BDO का खेल, PMO और राष्ट्रपति कार्यालय के निर्देशों की भी अनदेखी।
By Shubh Bhaskar ·
18 Mar 2026 ·
21 views
भ्रष्टाचार की शिकायत पर BDO का खेल, PMO और राष्ट्रपति कार्यालय के निर्देशों की भी अनदेखी।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-रैणी:-अलवर जिले की पंचायत समिति रैणी में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक मनमानी को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि कार्यवाहक विकास अधिकारी (BDO) द्वारा उच्च स्तर से प्राप्त शिकायतों का भी कथित रूप से झूठा निस्तारण किया जा रहा है, जिससे स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार परिवादी महेश चन्द मीना ने बैरेर ग्राम पंचायत में व्याप्त भ्रष्टाचार और गबन को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय तथा राष्ट्रपति कार्यालय तक शिकायत भेजी थी। इन शिकायतों के आधार पर राजस्थान के मुख्य सचिव स्तर से जांच के कड़े निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन स्थानीय स्तर पर इन निर्देशों का प्रभाव नजर नहीं आ रहा है।
आरोप है कि रैणी के कार्यवाहक BDO ने बिना परिवादी से संपर्क किए ही राजस्थान संपर्क पोर्टल पर शिकायत का निस्तारण दर्शा दिया। इतना ही नहीं, पोर्टल पर कथित रूप से फर्जी हस्तलिखित संतुष्टि पत्र और कूटरचित हस्ताक्षर भी अपलोड कर दिए गए।
बताया जा रहा है कि पिछले एक वर्ष से रैणी पंचायत समिति में स्थायी BDO का पद रिक्त है, जिसके चलते कार्यवाहक अधिकारी पर निरंकुशता और तानाशाही के आरोप लग रहे हैं। इससे न केवल पंचायत समिति का कामकाज प्रभावित हो रहा है, बल्कि कार्यालय लगातार विवादों और मीडिया की सुर्खियों में भी बना हुआ है।
एक ओर राज्य सरकार द्वारा राजस्थान संपर्क पोर्टल को जन-शिकायतों के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बताया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर शिकायतों को कथित रूप से रसूखदार लोगों के दबाव में बंद किए जाने के आरोप सरकार की मंशा पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
पीड़ित पक्ष ने पूरे प्रकरण में फर्जी दस्तावेज तैयार करने और भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्यवाही की मांग की है। श्रमजीव पत्रकार संघ के तहसील उपाध्यक्ष नागपाल शर्मा माचाड़ी को यह जानकारी वाट्सएप द्वारा महेश मीणा ने दी।