जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण का शुभारंभ
By Shubh Bhaskar ·
18 Mar 2026 ·
13 views
जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण का शुभारंभ
डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना, 7 मई से शुरू होगा सेल्फ एन्यूमरेशन
शुभ भास्कर उत्तर प्रदेश
सम्वाददाता संतोष कुमार
बलरामपुर,
जनगणना 2027 के सफल संचालन को लेकर बलरामपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में विकास भवन स्थित जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर हॉल में फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम बैच के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सटीक और विश्वसनीय आंकड़ों के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 पूरी तरह डिजिटल माध्यम से आयोजित की जाएगी, जिससे डेटा संकलन और विश्लेषण में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित होगी। प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि 7 मई से 21 मई 2026 के बीच नागरिकों को सेल्फ एन्यूमरेशन का विकल्प मिलेगा, जिसमें वे स्वयं अपनी जानकारी डिजिटल माध्यम से दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक और सुपरवाइजर घर-घर जाकर आंकड़े एकत्र करेंगे।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि यह प्रशिक्षण लखनऊ में प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर चन्द्र मणि मिश्र और डायट प्रवक्ता गोविन्द कुमार द्वारा दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में डिजिटल एप्लिकेशन, डेटा कलेक्शन, सत्यापन प्रणाली सहित तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद यही फील्ड ट्रेनर्स जनपद के प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे जनगणना कार्य समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरा हो सके।
कार्यक्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी, नायब तहसीलदार, मास्टर ट्रेनर्स और जनगणना प्रभारी महेन्द्र कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
जनपद प्रशासन ने जनगणना 2027 को पारदर्शिता, सटीकता और समयबद्धता के साथ सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।