होली स्नेह मिलन एवं कुटुंब प्रबोधन कार्यक्रम संपन्न
By Shubh Bhaskar ·
17 Mar 2026 ·
70 views
होली स्नेह मिलन एवं कुटुंब प्रबोधन कार्यक्रम संपन्न
राकेश जैन दैनिक शुभ भास्कर राजस्थान उदयपुर
नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (NMO) उदयपुर के तत्वावधान में होली स्नेह मिलन एवं कुटुंब प्रबोधन कार्यक्रम का भव्य आयोजन आत्मन फार्म हाउस, रानी रोड, फतेहसागर पर उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में लगभग 400 चिकित्सकों तथा करीब 200 मेडिकल एवं डेंटल विद्यार्थियों ने भाग लिया। विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ चिकित्सक, दंत चिकित्सक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आरएनटी मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. लाखन पोसवाल, डॉ. विपिन माथुर तथा आरएनटी मेडिकल कॉलेज के वर्तमान प्रधानाचार्य डॉ. राहुल जैन व उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने चिकित्सक समाज में आपसी समन्वय, संगठनात्मक एकता और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक खेल, स्वदेशी मनोरंजक गतिविधियां तथा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। साथ ही सामूहिक आरती एवं हनुमान चालीसा के पाठ से वातावरण भक्तिमय बन गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. नरेंद्र जोशी एवं डॉ. अजीत वाघेला द्वारा किया गया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. नरेंद्र सिंह देवल एवं डॉ. भुवनेश चंपावत रहे। अंत में डॉ. भुवनेश चंपावत द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर चिकित्सकों ने अपने परिवारों के साथ सहभागिता कर कुटुंब प्रबोधन के संदेश को सशक्त बनाया तथा एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।