अलवर में 17 मार्च को प्रदेश स्तरीय सहकारी सम्मेलन का होगा आयोजन।
By Shubh Bhaskar ·
16 Mar 2026 ·
35 views
अलवर में 17 मार्च को प्रदेश स्तरीय सहकारी सम्मेलन का होगा आयोजन।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):-अलवर- राजस्थान बहुउद्देशीय सहकारी सोसायटी कर्मचारी यूनियन, जयपुर जिला इकाई अलवर की ओर से प्रदेश स्तरीय सहकारी सम्मेलन का आयोजन 17 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे श्री हनुमान जी मंदिर, कटी घाटी (अलवर) में किया जाएगा।
यूनियन पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में राजस्थान सहकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, जयपुर के संयुक्त संयोजक हनुमान सिंह राजावत (प्रदेश अध्यक्ष, राजस्थान बहुउद्देशीय सहकारी समिति कर्मचारी यूनियन), मदन मैनारिया (प्रदेश अध्यक्ष, राजस्थान विकास मंच) तथा कुलदीप जंगम (प्रदेश अध्यक्ष, राजस्थान सहकारी कर्मचारी संघ) सहित संघर्ष समिति के पदाधिकारी एवं विभिन्न जिलों के अध्यक्ष भाग लेंगे।
कुलदीप शर्मा ने बताया कि सम्मेलन की सफल तैयारियों के लिए अलवर जिले में एक आयोजन समिति का गठन किया गया है। इस समिति में गजेंद्र सिंह, ऋषि सिंह राजपूत, कुलदीप शर्मा, रोहित शर्मा, मनोज शर्मा, वीरेंद्र सिंह, गोविंद सिंह चौधरी, जल सिंह यादव तथा सोहनलाल सैनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति के सदस्य जिला स्तरीय बैठक की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।
सम्मेलन के माध्यम से सहकारी कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं, मांगों तथा संगठन की मजबूती को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। यूनियन पदाधिकारियों ने अलवर जिले के सभी सहकारी साथियों से समय पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
कार्यक्रम के पश्चात सभी उपस्थित साथियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है। यूनियन ने सभी सहकारी बंधुओं की उपस्थिति को आवश्यक बताते हुए सहयोग और एकजुटता पर जोर दिया है। श्रमजीव पत्रकार संघ के तहसील उपाध्यक्ष नागपाल शर्मा माचाड़ी को यह जानकारी सहकारी समिति से जुड़े कोऑपरेटिव सोसाइटी के अध्यक्ष देवेन्द्र सैदावत द्वारा दी गई।