ब्राह्मण समाज की मांगों को लेकर परशुराम सेना ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन।
By Shubh Bhaskar ·
16 Mar 2026 ·
191 views
ब्राह्मण समाज की मांगों को लेकर परशुराम सेना ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- जयपुर। ब्राह्मण समाज की लंबित विभिन्न मांगों के निराकरण को लेकर परशुराम सेना राजस्थान के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जयपुर संभाग प्रभारी जितेन्द्र कुमार मिश्रा ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को मांगपत्र भेजकर शीघ्र कार्यवाही की मांग की है।
मांगपत्र के संबंध में जानकारी देते हुए मिश्रा ने बताया कि परशुराम सेना राजस्थान ब्राह्मण समाज का एक सामाजिक संगठन है, जो पिछले लगभग 15 वर्षों से प्रदेशभर में समाज के हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस ज्ञापन के माध्यम से ब्राह्मण समाज के कल्याण से जुड़ी 11 प्रमुख मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई हैं तथा इन पर शीघ्र निर्णय लेकर क्रियान्वयन के आदेश जारी करने का आग्रह किया गया है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से विप्र कल्याण आयोग का पुनर्गठन कर अध्यक्ष की नियुक्ति करने, ईडब्ल्यूएस आयोग को पुनः सक्रिय करने, विवाहित महिलाओं के ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र में पिता की आय को गणना से हटाने, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं शैक्षणिक संस्थानों में ईडब्ल्यूएस वर्ग की फीस अन्य वर्गों की तरह माफ करने तथा पंचायतीराज एवं शहरी निकाय चुनावों में ईडब्ल्यूएस के लिए पद आरक्षित करने की मांग शामिल है।
इसके अतिरिक्त एससी-एसटी एक्ट के दुरुपयोग के विरुद्ध प्रभावी व्यवस्था बनाने, ब्राह्मण समाज के प्रति अभद्र टिप्पणी एवं सार्वजनिक अपमान पर कठोर दंड का प्रावधान करने, ईडब्ल्यूएस आय सीमा 12 लाख रुपये करने तथा आरक्षण सीमा 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत करने की मांग भी रखी गई है।
मांगपत्र में मंदिरों की भूमि पर हो रहे अतिक्रमण तथा मंदिर माफी जमीन मंदिर के नाम करने और पुजारियों की सुरक्षा के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया गया है। इसमें पुजारी प्रोटेक्शन बिल पारित करने, पुजारियों को निश्चित मानदेय देने तथा जनवरी 2026 में यूजीसी द्वारा लाए गए नए प्रावधानों को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की गई है।
मिश्रा ने कहा कि इन सभी 11 सूत्रीय मांगों के शीघ्र क्रियान्वयन से समाज में समानता, सुरक्षा और विश्वास की भावना और अधिक मजबूत होगी।