सार्वजनिक इमारतों पर पोस्टर चिपकाने पर होगी कानूनी कार्यवाही।
By Shubh Bhaskar ·
10 Mar 2026 ·
22 views
सार्वजनिक इमारतों पर पोस्टर चिपकाने पर होगी कानूनी कार्यवाही।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- अलवर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। अब यदि कोई व्यक्ति सरकारी भवनों, बिजली के खंभों या सार्वजनिक दीवारों पर पोस्टर, विज्ञापन या पेंटिंग करता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ सम्पत्ति विरूपण अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर की सूरत बिगाड़ने वाले लोगों पर नजर रखी जाए। ऐसे लोगों पर न केवल भारी जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि उनके खिलाफ कानूनी मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा। निगम की टीमें शहर के मुख्य बाजारों और ऐतिहासिक स्थलों सहित विभिन्न स्थानों पर निगरानी कर रही हैं।
नगर निगम ने आमजन से अपील की है कि अलवर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग करें तथा विज्ञापन या पोस्टर लगाने के लिए केवल निर्धारित स्थानों का ही उपयोग करें।