सुशासन दिवस पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को किया गया नमन, जिलेभर में हुए कार्यक्रम*
By Shubh Bhaskar ·
25 Dec 2025 ·
11 views
*सुशासन दिवस पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को किया गया नमन, जिलेभर में हुए कार्यक्रम*
*भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित - अवधेश मीना*
सलूंबर, 25 दिसंबर। सुशासन दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर अवधेश मीना एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ दिनेश राय सापेला सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों ने वाजपेयी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के तहत जिला कलक्टर स्थित वीसी कक्ष में सुशासन दिवस शपथ समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुशासन की शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से अधिकारियों व कर्मचारियों ने पारदर्शिता, जवाबदेही, संवेदनशीलता तथा आमजन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। सुशासन दिवस के अवसर पर यह कार्यक्रम केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहकर जिले के समस्त उपखण्ड कार्यालयों एवं अटल सेवा केन्द्रों पर भी आयोजित किया गया, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से सुशासन की शपथ ली।
इस अवसर पर जिला कलक्टर अवधेश मीना ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए आमजन को अधिकतम राहत प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सुशासन का अर्थ केवल नियमों का पालन ही नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनका त्वरित समाधान करना है।
अधिकारियों और कार्मिकों को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि सुशासन का अर्थ केवल नियमों का क्रियान्वयन नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि प्रशासन की कार्यप्रणाली से आम नागरिक को संतुष्टि मिले। हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए कि कार्यालय में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति अपनी समस्या का समाधान पाकर लौटे।
मीणा ने जोर देकर कहा कि तकनीक के इस युग में हमें ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देते हुए कार्यों में तेजी और पारदर्शिता लानी होगी।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वाजपेयी जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहा है। उनके विचार आज भी प्रशासन के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुशासन दिवस के महत्व को समझते हुए यह संकल्प लिया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करेंगे, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
*अतिरिक्त जिला कलक्टर का आह्वान: "त्वरित न्याय, सबका अधिकार"*
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) डॉ दिनेश राय सापेला ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रशासनिक दक्षता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि एक लोक सेवक के रूप में हमारा दायित्व है कि हम लंबित प्रकरणों को न्यूनतम स्तर पर लाएं। सुशासन तभी सार्थक है जब अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को समय पर और सुगमता से न्याय मिले। कार्मिकों से आमजन के हित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्मिक सरकार के महत्वपूर्ण अंग हैं। वे अपनी जिम्मेदारी समझते हुए गंभीरता से कार्य करें, जिससे आमजन को राहत मिल सके।
*कलेक्ट्रेट के अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली सुशासन शपथ*
अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ दिनेश राय सापेला की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट परिसर की विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सुशासन दिवस के अवसर पर स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर सुशासन शपथ ली।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 19 से 25 दिसंबर 2025 तक सुशासन सप्ताह मनाया गया। इसके तहत प्रशासन गांव की ओर शिविर तथा जिला स्तरीय कार्यशाला सहित अन्य कार्यक्रम हुए। इसी श्रृंखला में गुरुवार को सुशासन दिवस समारोह आयोजित हुआ।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर अवधेश मीना, पीआरओ पुष्पक मीणा, सीएमएचओ डॉ महेन्द्र परमार, डीटीओ विपिन माहेश्वरी, एसीएफ महेंद्र सिंह चुंडावत, कृषि विभाग गोस मोहमद, उद्यानिकी विभाग पुरूषोतम भट्ट समेत समस्त जिला स्तरीय अधिकारी एवं जिला कलक्टर कार्यालय का समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा।
–-0-–