सलूंबर में “ग्रीन सलूंबर, क्लीन सलूंबर” अभियान की पहल — हर शनिवार सुबह स्वच्छता के लिए आगे आ रहे शहरवासी
By Shubh Bhaskar ·
07 Mar 2026 ·
179 views
सलूंबर में “ग्रीन सलूंबर, क्लीन सलूंबर” अभियान की पहल — हर शनिवार सुबह स्वच्छता के लिए आगे आ रहे शहरवासी
सलूंबर।
नगर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के उद्देश्य से सलूंबर में “ग्रीन सलूंबर, क्लीन सलूंबर” अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत प्रत्येक शनिवार सुबह 7:00 बजे से 8:00 बजे तक शहर के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान से जुड़े पर्यावरण प्रेमियों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस पहल से जुड़ने का आह्वान किया है, ताकि मिलकर सलूंबर को स्वच्छ और हरित बनाया जा सके।
इस अभियान में शहर के अनेक जागरूक नागरिक सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। इनमें प्रमुख रूप से महेश आमेटा, विमल आमेटा, जयप्रकाश आगाल, राहुल आगाल, राकेश प्रजापत, मधुकर वरनोती, चंद्रप्रकाश सोनी, विष्णु सोनी, कुश व्यास, शंकर भोई, रामचंद्र सालवी, शिवानंद पुरोहित, मनोज सोनी, प्रह्लाद पटेल, विमल भट्ट, रमाकांत सकरावत और संतोष सहित कई नागरिक शामिल हैं।
अभियान के प्रमुख सहयोगी राकेश प्रजापत ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी लोग सप्ताह में एक घंटे भी अपने शहर की स्वच्छता के लिए दें, तो सलूंबर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना ही नहीं, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। अभियान से जुड़े पर्यावरण प्रेमियों ने नगर के सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से इस पहल में शामिल होकर “ग्रीन सलूंबर, क्लीन सलूंबर” के संकल्प को सफल बनाने की अपील की है।