एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, प्रदेशभर में व्यापक तैयारियां। एक हजार स्वास्थ्य संस्थान चिन्हित, पहले दिन 188 सत्र आयोजित।
By Shubh Bhaskar ·
01 Mar 2026 ·
32 views
एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, प्रदेशभर में व्यापक तैयारियां।
एक हजार स्वास्थ्य संस्थान चिन्हित, पहले दिन 188 सत्र आयोजित।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- जयपुर- महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अजमेर से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का राष्ट्र स्तरीय शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत पात्र आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को प्रभावी रूप से कम किया जा सके।
प्रदेश में भी इस महत्वाकांक्षी अभियान के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। अभियान के प्रथम दिन प्रदेशभर में 188 टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए। राज्य के सभी जिलों में 1000 स्वास्थ्य संस्थानों को एचपीवी टीकाकरण हेतु चिन्हित किया गया है।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को इस महत्वपूर्ण टीकाकरण अभियान से अवश्य जोड़ें और उन्हें सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित भविष्य प्रदान करें। उन्होंने इसे महिलाओं के स्वास्थ्य सशक्तीकरण की दिशा में एक ठोस एवं दूरगामी कदम बताया।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार यह टीकाकरण उन बालिकाओं को एकल डोज के रूप में दिया जाएगा, जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, लेकिन 15 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं की है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में दूसरा सर्वाधिक पाया जाने वाला कैंसर है, जिसकी रोकथाम के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत ०8 लाख 32 हजार से अधिक बालिकाएँ पात्र श्रेणी में आती हैं। टीकाकरण के लिए गार्डासिल-०4 (Gardasil-4) नामक क्वाड्रीवेलेंट वैक्सीन का उपयोग किया जा रहा है, जिसे 0.5 मिलीलीटर की खुराक के रूप में बाएँ ऊपरी बांह में इंट्रामस्क्युलर रूप से दिया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डॉ. अमित यादव ने बताया कि प्रदेशभर में कार्यशील कोल्ड चेन प्वाइंट, समर्पित चिकित्सा अधिकारी एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी से युक्त स्वास्थ्य संस्थानों का चयन किया गया है। प्रत्येक टीकाकरण स्थल पर वैक्सीनेटर, वेरिफायर,मोबिलाइज़र एवं वालंटियर सहित समर्पित टीम तैनात रहेगी। राज्य,जिला एवं स्वास्थ्य संस्थान स्तर पर एएनएम,आशा,वेरिफायर एवं मोबिलाइज़र का प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया गया है, जिससे अभियान का प्रभावी एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।