तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर पार्किंग वसूली को लेकर विरोध
By Shubh Bhaskar ·
25 Feb 2026 ·
18 views
तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर पार्किंग वसूली को लेकर विरोध
पार्किंग के नाम पर मनमानी वसूली का आरोप
व्यापार मंडल ने डीआरएम को भेजा शिकायत पत्र
यात्रियों से अभद्र व्यवहार का भी आरोप
जांच कर कार्रवाई की उठी मांग
दैनिक शुभ भास्कर उत्तर प्रदेश सम्वाददाता संतोष कुमार
बलरामपुर मुख्यालय से लगभग 28 किलोमीटर की दूरी पर स्थित तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर पार्किंग व्यवस्था को लेकर मनमानी वसूली और यात्रियों के साथ कथित बदसलूकी के विरोध में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने कड़ा रुख अपनाया है।
व्यापार मंडल ने पूर्वोत्तर रेलवे के मण्डल रेल प्रबंधक, लखनऊ को ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजकर पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि स्टेशन पर यात्रियों को उनके परिजनों द्वारा पिक-अप और ड्रॉप करने पर भी पार्किंग ठेकेदार जबरन शुल्क वसूलता है। इतना ही नहीं, विरोध करने पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है और बाइक से आरक्षण कराने आने वालों से भी विवाद किया जाता है।
व्यापार मंडल के अनुसार, स्टेशन परिसर में इस तरह की मनमानी के कारण दिनभर विवाद की स्थिति बनी रहती है, जिससे यात्रियों में भारी नाराजगी है।
इस संबंध में व्यापार मंडल अध्यक्ष श्याम बिहारी अग्रहरि, महामंत्री रूप चन्द्र गुप्ता सहित प्रदीप गुप्ता, राधेश्याम चौरसिया, सरदार बबलू सिंह, रिजवान बबलू, मुजीब अल्वी, शिव कुमार, राम गोपाल और विक्की गुप्ता ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।