रूपवास में पत्रकार से मारपीट का आरोप, दोषियों पर कार्यवाही की मांग!
By Shubh Bhaskar ·
24 Feb 2026 ·
153 views
रूपवास में पत्रकार से मारपीट का आरोप, दोषियों पर कार्यवाही की मांग!
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- भरतपुर- भरतपुर के रूपवास में स्वतंत्र पत्रकार संघ ने एक पत्रकार के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर जिला प्रशासन के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संघ के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक, भरतपुर को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है।
ज्ञापन के अनुसार, गांव गहलौली निवासी संजय चौहान, जो पेशे से पत्रकार हैं, अपने पैर का एक्स-रे करवाने के लिए रूपवास के राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचे थे। बताया गया है कि पर्ची बनवाने के दौरान अस्पताल में अधिक भीड़ थी। इसी दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था का वीडियो बनाना शुरू किया।
आरोप है कि वीडियो बनाने के दौरान एक युवक ने उनका मोबाइल छीन लिया और उन्हें अस्पताल प्रभारी लखन चौधरी के पास ले जाया गया, जहां उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। पत्रकार संघ का आरोप है कि प्रभारी सहित अन्य कर्मचारियों द्वारा उनके साथ मारपीट भी की गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन संघ का आरोप है कि पुलिस द्वारा भी पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार किया गया। बाद में मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
पत्रकार संघ ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित रखने तथा उसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्यवाही नहीं की गई तो आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। श्रमजीवी पत्रकार संघ के तहसील उपाध्यक्ष नागपाल शर्मा माचाड़ी की यह जानकारी स्वतंत्र पत्रकार संघ द्वारा दी गई।