एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र पर निःशुल्क सेवाएं प्रारंभ, अब बैंक जाने की आवश्यकता नहीं
By Shubh Bhaskar ·
24 Feb 2026 ·
38 views
एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र पर निःशुल्क सेवाएं प्रारंभ, अब बैंक जाने की आवश्यकता नहीं
शाहपुरा(भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा-State Bank of India (एसबीआई) के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) पर अब विभिन्न बैंकिंग सेवाएं निःशुल्क रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह जानकारी बैंक के मुख्य प्रबंधक द्वारा दी गई।
मुख्य प्रबंधक ने बताया कि अब ग्राहकों को छोटी-छोटी बैंकिंग सेवाओं के लिए शाखा में आने की आवश्यकता नहीं है। वे अपने नजदीकी ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) पर ही आवश्यक सेवाएं आसानी से एवं बिना किसी शुल्क के प्राप्त कर सकते हैं।
ग्राहक सेवा केंद्र पर उपलब्ध प्रमुख सेवाओं में नगद जमा, नगद निकासी, बैलेंस जांच, मिनी स्टेटमेंट, आधार आधारित लेनदेन सहित अन्य सामान्य बैंकिंग सुविधाएं शामिल हैं।
इसके साथ ही प्रबंधक ने यह भी जानकारी दी कि शाहपुरा में एसबीआई बैंक के एटीएम 24 घंटे अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं, जिससे ग्राहकों को किसी भी समय नकद निकासी की सुविधा मिल रही है।
बैंक प्रबंधन ने ग्राहकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक सीएसपी केंद्रों का लाभ उठाएं तथा किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर संबंधित शाखा से संपर्क करें।
शाहपुरा क्षेत्र में संचालित निःशुल्क सीएसपी केंद्रों में महावीर गाडरी,रामकिशन कुमावत, विकास मीणा, कृष्ण गोपाल धाकड़, कमलेश रेगर, शांतिलाल बेरवा, शिवनारायण गाडरी, शिवदत्त पांडिक सहित अन्य केंद्र संचालक सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
इस पहल से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के ग्राहकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।