दर्शकों को इलेक्ट्रिक स्कूटी का विशेष पुरस्कार, कामवन ने दिल्ली को 61 रनों से हराकर फाइनल में बनाई जगह ब्रज वारियर्स कामवन और केडी फरीदाबाद के बीच होगा खिताबी मुकाबला।
By Shubh Bhaskar ·
14 Feb 2026 ·
23 views
दर्शकों को इलेक्ट्रिक स्कूटी का विशेष पुरस्कार, कामवन ने दिल्ली को 61 रनों से हराकर फाइनल में बनाई जगह
ब्रज वारियर्स कामवन और केडी फरीदाबाद के बीच होगा खिताबी मुकाबला।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- कामां- कामवन क्रिकेट एसोसिएशन कामां के तत्वावधान में आयोजित 30वीं हरिओम स्मृति अंतरराज्यीय क्रिकेट प्रतियोगिता के दसवें दिन खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में ब्रज वारियर्स कामवन ने शिवाजी क्रिकेट क्लब दिल्ली को 61 रनों से पराजित कर लगातार दूसरे वर्ष फाइनल में प्रवेश किया।
महामंत्री प्रदीप गोयल ने बताया कि टॉस जीतकर कामवन ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, जो पूरी तरह सफल रहा। टीम के बल्लेबाजों ने आक्रामक शुरुआत करते हुए निर्धारित ओवरों में 221 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
पावर प्ले में 81 रन की दमदार शुरुआत
पावर प्ले के दौरान सलामी बल्लेबाज सुमित जाट (27 रन) और विजेंद्र (18 रन) ने तेज शुरुआत दी। इसके बाद रितिक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। छह ओवर में 81 रन बनाकर टीम ने जीत की नींव रख दी।
तीसरे विकेट के लिए रितिक शर्मा और विकास के बीच 78 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। रितिक शर्मा ने 58 रन, विकास ने 40 रन, लक्ष्य सिंह ने 24 रन और नदीम खान ने 15 रन का योगदान दिया। इस प्रकार कामवन ने 222 रनों का लक्ष्य दिल्ली के सामने रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी शिवाजी क्रिकेट क्लब दिल्ली की टीम 160 रन पर ही सिमट गई। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए रितिक शर्मा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
रविवार को होगा फाइनल मुकाबला
आयोजन समिति के अध्यक्ष खेमराज खंडेलवाल के अनुसार फाइनल मैच रविवार को प्रातः 11 बजे से खेला जाएगा। खिताबी मुकाबला ब्रज वारियर्स कामवन और केडी फरीदाबाद के बीच होगा। मुख्य अतिथि के रूप में कामां विधायक नोक्षम चौधरी उपस्थित रहेंगी। विजेता टीम को ₹2,51,000 एवं शील्ड तथा उपविजेता टीम को ₹1,51,000 एवं शील्ड प्रदान की जाएगी।
दर्शकों के लिए आकर्षक पुरस्कार – इलेक्ट्रिक स्कूटी
इस वर्ष आयोजन समिति ने दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रखा है। पहली बार ड्रा के माध्यम से एक भाग्यशाली दर्शक को इलेक्ट्रिक स्कूटी प्रदान की जाएगी। प्रातः 11 बजे तक मैदान में पहुंचने वाले दर्शकों को उपहार कूपन वितरित किए जाएंगे। समापन समारोह के बाद ड्रा निकालकर विजेता की घोषणा की जाएगी। पुरस्कार उसी दर्शक को दिया जाएगा जो मौके पर उपस्थित रहेगा।
फाइनल मुकाबले को लेकर समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। अतिथि के रूप में कमल अरोड़ा, भगवान सिंह फौजदार, धीरज अवस्थी एवं चुनमुन अग्रवाल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।