सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के पेंशनर्स वर्ष 2026 हेतु वार्षिक भौतिक सत्यापन शीघ्र कराएं!
By Shubh Bhaskar ·
10 Feb 2026 ·
17 views
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के पेंशनर्स वर्ष 2026 हेतु वार्षिक भौतिक सत्यापन शीघ्र कराएं!
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत वर्ष 2026 के लिए पेंशनर्स का वार्षिक भौतिक सत्यापन प्रारंभ कर दिया गया है। विभाग के उप निदेशक लक्ष्मण सिंह ने सभी पेंशनर्स से अपील करते हुए कहा है कि वे जल्द से जल्द अपना सत्यापन पूर्ण करवाएं, ताकि पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने बताया कि पेंशनर्स अपने नजदीकी ई-मित्र कियोस्क पर जाकर अंगुली की छाप के माध्यम से सत्यापन करा सकते हैं। इसके अलावा विभाग द्वारा जारी मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे फेस कैप्चर कर निःशुल्क सत्यापन की सुविधा भी उपलब्ध है। पेंशनर्स अपने क्षेत्र के पेंशन स्वीकृतकर्ता अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर पेंशन पीपीओ से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त कर ई-मित्र प्लस मशीनों के जरिए भी सत्यापन करवा सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी कारणवश इन माध्यमों से सत्यापन नहीं हो पाता है, तो संबंधित पेंशन स्वीकृतकर्ता अधिकारी (उपखंड अधिकारी/विकास अधिकारी) के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी के माध्यम से भी सत्यापन करवाया जा सकता है।
उप निदेशक ने जानकारी दी कि जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत वर्तमान में कुल ०2 लाख 49 हजार 889 पेंशनर्स लाभ प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें से 36 हजार 919 पेंशनर्स का सत्यापन अभी शेष है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भौतिक सत्यापन नहीं होने की स्थिति में पेंशन राशि का भुगतान नहीं किया जाएगा।