राजस्थान पुलिस में होंगे बंपर तबादले, चुनाव से पहले प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी।
By Shubh Bhaskar ·
07 Feb 2026 ·
32 views
राजस्थान पुलिस में होंगे बंपर तबादले, चुनाव से पहले प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- जयपुर- राजस्थान में आगामी पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों को देखते हुए पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर तबादलों की तैयारी तेज हो गई है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने 30 अप्रैल 2026 को कट-ऑफ तिथि मानते हुए लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे अधिकारियों को हटाने के निर्देश जारी किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर निगम, नगर पालिका तथा पंचायत समिति क्षेत्रों में तीन वर्ष से अधिक समय से पदस्थ निरीक्षक एवं उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों के तबादले किए जाएंगे। इसके अलावा एक ही जिले में तीन वर्ष की सेवा पूरी कर चुके राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) अधिकारियों का भी स्थानांतरण किया जाएगा।
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों एवं इकाइयों से तबादला प्रस्तावों की नामजद सूची 11 फरवरी 2026 तक मांगी है। इसके बाद विभागीय स्तर पर प्रस्तावों की समीक्षा कर स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बताया जा रहा है कि चुनाव से पहले प्रशासनिक निष्पक्षता बनाए रखने और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय 28 फरवरी 2026 तक स्थानांतरण से संबंधित पालन रिपोर्ट राज्य निर्वाचन आयोग को भेजेगा।