श्रीगंगानगर में खौफनाक हत्याकांड: शादी के तीन माह बाद पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की कराई हत्या!
By Shubh Bhaskar ·
05 Feb 2026 ·
91 views
श्रीगंगानगर में खौफनाक हत्याकांड: शादी के तीन माह बाद पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की कराई हत्या!
जयपुर- राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाले हत्याकांड का खुलासा हुआ है। शादी के महज तीन महीने बाद एक युवती द्वारा अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की निर्मम हत्या कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में पत्नी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रावला निवासी आशीष कुमार (27) के रूप में हुई है, जो बीएससी पास था और हाल ही में एक निजी स्कूल में शिक्षक के पद पर नियुक्त हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया कि आशीष की हत्या उसकी पत्नी अंजली उर्फ अर्जु (23) ने अपने प्रेमी संजय उर्फ संजू (25) और उसके दो साथियों रोहित उर्फ रॉकी (20) तथा बादल उर्फ सिद्धार्थ (20) के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से करवाई।
वर्षों पुराना था प्रेम संबंध
पुलिस जांच में सामने आया कि सादुलशहर निवासी अंजली पिछले 6-7 वर्षों से संजय के साथ प्रेम संबंध में थी। दोनों ने श्रीगंगानगर के एक ही कॉलेज से बीए की पढ़ाई की थी, जहां उनकी नजदीकियां बढ़ीं। परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी होने के बावजूद 30 अक्टूबर 2025 को अंजली की शादी आशीष कुमार से कर दी गई थी।
शादी से खुश नहीं थी अंजली
बताया जा रहा है कि अंजली इस शादी से खुश नहीं थी। वहीं उसका प्रेमी संजय भी इस रिश्ते से परेशान था। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि अंजली श्रीगंगानगर में रहकर एमए की पढ़ाई करना चाहती थी, ताकि वह प्रेमी के करीब रह सके। इस बात को लेकर पति से कई बार विवाद भी हुआ और आशीष द्वारा इनकार किए जाने के बाद अंजली लगातार नाराज रहने लगी।
मायके जाकर रची हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार हत्या से करीब 16 दिन पहले अंजली मायके गई थी। इसी दौरान उसने प्रेमी संजय के साथ मिलकर आशीष की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत आशीष को सुनसान स्थान पर ले जाकर वारदात को लूट या हादसे का रूप देने की तैयारी की गई।
डिनर के बाद टहलने के बहाने ले गई बाहर
एसपी अमृता दुहन के अनुसार 30 जनवरी की रात अंजली रोज की तरह भोजन के बाद आशीष को टहलने के बहाने घर से बाहर ले गई। पहले से तय योजना के तहत उसने संजय को फोन कर लोकेशन बता दी। संजय अपने दोनों साथियों के साथ पहले से ही घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में छिपकर बैठा था।
जैसे ही अंजली आशीष को वहां लेकर पहुंची, उसके इशारे पर आरोपियों ने डंडों से आशीष के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी जब आशीष की सांसें चल रही थीं, तो मफलर से उसका गला घोंट दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट और गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है।
लूट का रूप देने की कोशिश
हत्या के बाद अंजली ने अपने कानों के झुमके और आशीष का मोबाइल फोन आरोपियों को दे दिया, ताकि घटना को लूट की वारदात दिखाया जा सके। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस को घटनास्थल पर अंजली बेहोशी की हालत में मिली थी।
दोनों को रावला सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया।
चारों आरोपी गिरफ्तार
अनूपगढ़ सीओ प्रशांत कौशिक ने बताया कि पुलिस ने मामले में पत्नी अंजली, उसके प्रेमी संजय और दोनों सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। युवकों को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि अंजली को दो दिन की रिमांड पर रखा गया है।
पुलिस का कहना है कि यह हत्या पूरी तरह पूर्व नियोजित थी और इसमें पत्नी की सक्रिय भूमिका सामने आई है। इस नृशंस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग घटना से स्तब्ध हैं।