वर्किंग जर्नलिस्ट्स ऑफ इंडिया की दिल्ली प्रदेश इकाई में अहम संगठनात्मक फेरबदल।
By Shubh Bhaskar ·
03 Feb 2026 ·
26 views
वर्किंग जर्नलिस्ट्स ऑफ इंडिया की दिल्ली प्रदेश इकाई में अहम संगठनात्मक फेरबदल।
पत्रकार हितों को मजबूती देने के लिए नए पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियाँ।
*नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट*
(माचाड़ीअलवर):- नई दिल्ली- पत्रकारों के हितों की रक्षा और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से वर्किंग जर्नलिस्ट्स ऑफ इंडिया (WJI) के राष्ट्रीय नेतृत्व ने दिल्ली प्रदेश इकाई में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बदलाव किए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय उपाध्याय, महासचिव नरेंद्र भंडारी एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय सक्सेना के निर्देशानुसार दिल्ली प्रदेश संगठन को नई दिशा और गति देने के लिए यह निर्णय लिया गया।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष संदीप शर्मा के नेतृत्व में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करते हुए कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियाँ की गई हैं। इन नियुक्तियों के तहत देवेन्द्र पवार को दिल्ली प्रदेश का महासचिव नियुक्त किया गया है, जबकि मुकेश मधुर को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं संजीव चौहान को संगठन का कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
इसके साथ ही वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय सक्सेना को दिल्ली प्रदेश टीम का संपर्क अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे अन्य राज्यों के साथ समन्वय स्थापित करने का महत्वपूर्ण दायित्व भी निभाएंगे। संगठन को मजबूती प्रदान करने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अन्य प्रमुख पदाधिकारियों में धर्मेंद्र भदौरिया (उपाध्यक्ष), नरेंद्र धवन (राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष), स्वतंत्र सिंह भुल्लर (उपाध्यक्ष), ईश मालिक (उपाध्यक्ष), जगजीत सिंह (प्रचार सचिव) तथा जितेंद्र दिवाकर शामिल रहे।
इस अवसर पर आयोजित संगठनात्मक बैठक में पत्रकारों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर गंभीर मंथन किया गया। बैठक में पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा, सम्मानजनक कार्य वातावरण, कल्याणकारी योजनाओं तथा भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही यह संकल्प लिया गया कि पत्रकारों की आवाज को मजबूती के साथ सरकार और प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा।
राष्ट्रीय नेतृत्व ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता, एकजुटता और सक्रियता के साथ कार्य करेंगे तथा पत्रकार हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत रहेंगे।